‘दाम, दंड, भेद’ के बाद अब ‘साम’ की बारी, जयराम रमेश का हमला

jayram

महिला आरक्षण बिल और परिसीमन बिल को पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कवायद और संसद के शीतकालीन सत्र की घोषणा न होने को लेकर विपक्षी दलों ने सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि सरकार लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की कोशिश में जुटी है।

जयराम रमेश ने लिखा कि कौटिल्य के अर्थशास्त्र में साम, दाम, दंड और भेद का उल्लेख है। उनके अनुसार, लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत जुटाने की बेताब कोशिश में, ताकि परिसीमन विधेयकों को पारित कराया जा सके, खुद को चाणक्य मानने वाले लोगों ने दाम, दंड और भेद का सहारा लिया, लेकिन वे नाकाम रहे। उन्होंने सवाल किया कि क्यों न पहले तरीके यानी ‘साम’ को आजमाकर देखा जाए।

खड़गे के पत्रों का जिक्र

जयराम रमेश ने अपनी पोस्ट में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पिछले सात महीनों के दौरान 11 अप्रैल, 16 जुलाई, 27 अगस्त और 16 अक्टूबर को प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर यही रास्ता अपनाने का सुझाव दिया था। उनके मुताबिक, इन पत्रों का कोई औपचारिक जवाब तक नहीं आया है।

संदीप दीक्षित का तीखा हमला

कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने भी विधेयकों और बहुमत को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार के पास दो-तिहाई बहुमत नहीं है और वह परिसीमन से जुड़े विधेयक को पारित कराने के लिए अन्य तरीकों का सहारा ले रही है।

संदीप दीक्षित ने आरोप लगाया कि सौ-दो सौ करोड़ रुपये प्रति सांसद के हिसाब से सौदेबाजी की कोशिश हो सकती है और डील पूरी होने के बाद संसद का सत्र बुलाया जा सकता है। उन्होंने यह टिप्पणी भी की कि कहीं कोई पैसे लेकर न भाग जाए, इससे पहले सत्र को लेकर फैसला किया जा सकता है।