माले में अजित डोभाल का संदेश, नेबरहुड फर्स्ट और महासागर विजन पर जोर
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल ने बुधवार को कहा कि भारत हिंद महासागर क्षेत्र में उभरती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए प्रमुख पड़ोसी देशों के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध है। मालदीव की राजधानी माले में आयोजित कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव (CSC) की आठवीं बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने क्षेत्रीय सुरक्षा और साझा हितों की रक्षा के लिए रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने की जरूरत बताई।
डोभाल ने कहा कि कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति और ‘महासागर’ विजन का संगम है। उनके मुताबिक, भारत सदस्य देशों के साथ मिलकर उभरती गंभीर सुरक्षा चुनौतियों से निपटने की सामूहिक क्षमता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और यह मंच हिंद महासागर में सामूहिक सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम बनेगा।
छह सदस्य देशों का क्षेत्रीय सुरक्षा मंच
कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव में भारत, श्रीलंका, मालदीव, मॉरीशस, बांग्लादेश और सेशेल्स शामिल हैं। इस मंच पर समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद से मुकाबले और सीमा पार होने वाले अपराधों से निपटने के लिए सहयोग किया जाता है।
अजित डोभाल ने कहा कि भारत ने इस मंच की स्थापना की पहल करने वाले देशों में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि भारत श्रीलंका, मालदीव और अन्य सदस्य देशों के साथ करीबी सहयोग जारी रखना चाहता है तथा साझा उद्देश्यों को पूरा करने के लिए हर संभव मदद देगा।
‘महासागर’ विजन का उल्लेख
डोभाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल मार्च में मॉरीशस यात्रा के दौरान ‘महासागर’ विजन की घोषणा की थी। इसका पूरा नाम ‘म्यूचुअल एंड होलिस्टिक एडवांसमेंट फॉर सिक्योरिटी एंड ग्रोथ अक्रॉस रीजन’ है, जिसका उद्देश्य वैश्विक दक्षिण के देशों के साथ सुरक्षा और विकास के साझा प्रयासों को आगे बढ़ाना है।
2020 में हुई थी शुरुआत, पांच प्रमुख क्षेत्र
कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव की शुरुआत वर्ष 2020 में हुई थी, जब भारत, श्रीलंका और मालदीव ने समुद्री सहयोग से जुड़ी त्रिपक्षीय बैठक के दायरे और सदस्यता का विस्तार करने पर सहमति जताई थी। इस मंच के तहत समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद व कट्टरपंथ से मुकाबला, मानव तस्करी एवं संगठित अपराधों पर रोक, साइबर सुरक्षा और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा जैसे पांच प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग किया जाता है। इसके साथ ही सदस्य देश मानवीय सहायता और आपदा राहत के क्षेत्र में भी मिलकर काम करते हैं।
