30 नवंबर से फिर बैठेगी लोकसभा, 2 दिसंबर से राज्यसभा: परिसीमन और महिला आरक्षण बिल को लेकर बढ़ी हलचल

loksabha

केंद्र सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से संसद के दोनों सदनों की बैठक फिर से बुलाने का अनुरोध किया है। प्रस्ताव के अनुसार, लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर 2026 से और राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर से शुरू होगी। दोनों सदनों का यह सत्र 3 दिसंबर को समाप्त हो सकता है।

संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर स्पष्ट किया कि यह बैठक संसद के मानसून सत्र की कार्यवाही का ही हिस्सा है। उनके मुताबिक, यह कार्यक्रम सदन के कामकाज की जरूरतों पर निर्भर करेगा।

कांग्रेस ने बुलाई संसदीय समिति की बैठक

संसद की बैठक बुलाए जाने के प्रस्ताव के बाद कांग्रेस ने अपनी रणनीति तय करने की तैयारी शुरू कर दी है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, पार्टी ने शुक्रवार शाम 4.30 बजे दिल्ली में अपनी संसदीय समिति की बैठक बुलाई है। इस बैठक में संभावित सत्र को लेकर पार्टी के रुख और तैयारियों पर विचार किया जाएगा।

सत्र के दौरान एसआईआर (SIR) को लेकर भी विपक्ष की चिंताएं सामने आ सकती हैं। विपक्षी दलों की ओर से इस विषय पर संसद में चर्चा की मांग किए जाने की उम्मीद है।

कैबिनेट में चर्चा और परिसीमन पर बहस

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में परिसीमन बिल और महिला आरक्षण लागू करने के विषय पर चर्चा हुई थी। इस दौरान प्रधानमंत्री ने मंत्रियों को आगामी संसदीय बैठक के लिए तैयार रहने को कहा था।

परिसीमन को लेकर चल रही बहस में एक संभावित प्रस्ताव यह भी है कि राज्यों में 1971 की जनगणना के आधार पर सीटों के मौजूदा अनुपात को बरकरार रखते हुए लोकसभा की कुल सीटों में 50 फीसदी तक की बढ़ोतरी की जाए।

अप्रैल में लोकसभा से पास नहीं हो सका था बिल

महिला आरक्षण को चुनाव क्षेत्रों के परिसीमन से जोड़ने वाला संविधान संशोधन बिल इस साल 17 अप्रैल को आयोजित विशेष सत्र में लोकसभा से पारित नहीं हो पाया था। उस समय बिल को आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल सका था। बिल के गिरने के बाद से ही देश में परिसीमन की प्रक्रिया और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने को लेकर बहस तेज हो गई थी।