संविधान दिवस पर अमित शाह का विपक्ष पर निशाना, बोले- 15 मिनट संसद की लाइब्रेरी में जाकर संविधान पढ़ें

amit

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संविधान दिवस के अवसर पर दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग हाथ में संविधान लेकर घूम रहे हैं, वे 15 मिनट संसद की लाइब्रेरी में जाकर संविधान को पढ़ें।

‘संविधान गौरव दिवस’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि संविधान का सम्मान करना सभी भारतीयों के लिए गर्व की जिम्मेदारी है। उनके अनुसार, 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद 2015 में हर साल 26 नवंबर को ‘संविधान गौरव दिवस’ के रूप में मनाने का फैसला लिया गया, ताकि संविधान के मूल्यों को हर स्कूल, कॉलेज और नागरिक तक पहुंचाया जा सके।

आजादी के बाद संविधान की भावना पर टिप्पणी

अमित शाह ने आरोप लगाया कि आजादी के बाद संविधान को केवल सरकार चलाने की एक किताब मानने की कोशिश की गई। उनके मुताबिक, देश के किशोरों, युवाओं और नागरिकों में इसकी भावना को बैठाने तथा मजबूत करने की प्रक्रिया को भुला दिया गया।

उन्होंने कहा कि 2014 के बाद बनी सरकार ने इस भावना को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से संविधान गौरव दिवस मनाने की शुरुआत की।

नागरिकों के अधिकार और लोकतांत्रिक मूल्य

कार्यक्रम में गृह मंत्री ने कहा कि संविधान नागरिकों को यह तय करने का अधिकार देता है कि वे कैसे शासित होना चाहते हैं, जबकि सत्ता में बैठे लोगों को संविधान की सीमाओं के भीतर रहकर शासन करने का निर्देश देता है।

शाह के अनुसार, पिछले 80 वर्षों में देश के लोगों ने यह साबित किया है कि भले ही संविधान ने 1949 में लोकतंत्र का ढांचा दिया, लेकिन देश की सभ्यता ने हजारों वर्षों से लोकतांत्रिक मूल्यों को संजोया है और वही मूल्य अब संविधान के अनुच्छेदों के माध्यम से सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन 80 वर्षों में संविधान, संवैधानिक संस्थाओं, शासन व्यवस्था और लोकतंत्र के प्रति भरोसा बढ़ा है।

संविधान के सम्मान के दो तरीके

अमित शाह ने कहा कि संविधान का सम्मान करने के दो तरीके होते हैं। पहला तरीका यह है कि कोई संविधान की किताब को ऊपर उठाकर दिखाए या अपनी जेब में रखकर लहराए और जनता के सामने प्रदर्शित करे।

उनके मुताबिक, दूसरा तरीका यह है कि संविधान ने जो कसौटियां और मानक तय किए हैं, उन पर एक व्यक्ति और एक राजनीतिक दल के रूप में खरा उतरा जाए।