सात साल का इंतजार खत्म! जेट एयरवेज कर्मचारियों को मिलेंगे ₹480 करोड़
बंद हो चुकी विमानन कंपनी Jet Airways के पूर्व कर्मचारियों को नेशनल कंपनी लॉ अपीलेट ट्रिब्यूनल (NCLAT) से बड़ी राहत मिली है। ट्रिब्यूनल ने 26 नवंबर 2026 को आदेश दिया कि एयरलाइन के पात्र कर्मचारियों को उनका बकाया प्रोविडेंट फंड (PF) और ग्रेच्युटी का पैसा ब्याज समेत भुगतान किया जाए।
NCLAT ने कंपनी के लिक्विडेटर को यह भुगतान 14 दिनों के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया है। ब्याज सहित कुल बकाया रकम करीब 480 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
30 जून का फैसला और सुप्रीम कोर्ट से झटका
कर्मचारियों के बकाये को लेकर NCLAT पहले भी स्पष्ट रुख दिखा चुका था। 30 जून को ट्रिब्यूनल ने साफ किया था कि कर्मचारियों को उनका पूरा PF और ग्रेच्युटी मिलना चाहिए और इसके लिए यह जरूरी नहीं है कि कंपनी ने इन पैसों के लिए अलग से कोई फंड बनाकर रखा हो।
SBI और अन्य वित्तीय लेनदारों ने ट्रिब्यूनल के इस फैसले को चुनौती दी थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने 31 अगस्त को इस मामले में दखल देने से इनकार कर दिया था।
2019 से कानूनी लड़ाई लड़ रहे थे कर्मचारी
जेट एयरवेज ने अप्रैल 2019 में अपनी उड़ानें बंद कर दी थीं। आर्थिक संकट में फंसने के बाद कंपनी दिवालिया घोषित हो गई थी। कंपनी के बंद होने के बाद से ही हजारों कर्मचारियों का PF और ग्रेच्युटी का पैसा अटका हुआ था और वे करीब सात साल से अपने कानूनी अधिकारों के तहत इस रकम की मांग कर रहे थे।
1993 से 2019 तक: क्यों बंद हुई जेट एयरवेज
जेट एयरवेज की शुरुआत नरेश गोयल ने की थी। कंपनी ने 5 मई 1993 को चार बोइंग विमानों के साथ अपनी उड़ान शुरू की थी और एक समय यह देश की सबसे बड़ी प्राइवेट एयरलाइंस में शामिल थी।
साल 2007 में कंपनी ने एयर सहारा का अधिग्रहण किया, जिसके बाद उस पर आर्थिक बोझ बढ़ता गया। बढ़ते कर्ज और वित्तीय परेशानियों के कारण अप्रैल 2019 में उड़ानें बंद करनी पड़ीं। बाद में कंपनी को दोबारा शुरू करने के प्रयास भी किए गए, लेकिन उनमें सफलता नहीं मिल सकी।
