“6,000 करोड़ कौन देगा, संपत्ति कौन बेचेगा?”: संजय कपूर प्रॉपर्टी विवाद में सुप्रीम कोर्ट की अहम टिप्पणी
बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर की संपत्ति और फैमिली ट्रस्ट को लेकर चल रहे विवाद पर गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। संजय कपूर की मां रानी कपूर और परिवार के अन्य सदस्यों के बीच जारी इस कानूनी लड़ाई में रानी कपूर के वकील ने फैमिली ट्रस्ट में करीब 6,000 करोड़ रुपये का हिस्सा मांगा है।
जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ के सामने वरिष्ठ वकील सिद्धार्थ दवे ने बताया कि उनकी मुवक्किल रानी कपूर ट्रस्ट की संपत्ति में अपना हिस्सा चाहती हैं। पीठ ने सुनवाई के दौरान पूछा था कि आखिर रानी कपूर का दावा क्या है और वह कितनी रकम की मांग कर रही हैं।
ट्रस्ट की संपत्तियों के परिसमापन पर कोर्ट के सवाल
6,000 करोड़ रुपये के दावे पर सुप्रीम कोर्ट ने व्यावहारिक पहलू उठाते हुए सवाल किया कि यदि रानी कपूर को इतनी बड़ी रकम दी जानी है, तो ट्रस्ट की संपत्तियों का परिसमापन (Liquidation) कौन करेगा और भुगतान किस तरह होगा।
अदालत ने दोनों पक्षों से लचीला रुख अपनाने को कहा। पीठ ने टिप्पणी की कि रानी कपूर तो लड़ रही हैं, लेकिन सवाल यह है कि बाकी सभी लोग भी क्यों लड़ रहे हैं।
15 बैठकों के बाद भी मध्यस्थता में गतिरोध
सुप्रीम कोर्ट ने नोट किया कि विवाद सुलझाने के लिए अब तक मध्यस्थता की 15 बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन कोई अंतिम समाधान नहीं निकला है। सिद्धार्थ दवे ने कहा कि रानी कपूर की ओर से समझौते का प्रस्ताव दिया गया था और छह महीने तक दूसरे पक्ष के जवाब या प्रति-प्रस्ताव का इंतजार किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने बताया कि उनकी मुवक्किल मध्यस्थ से अकेले में बातचीत करना चाहती हैं।
दूसरी ओर, प्रिया कपूर की तरफ से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने मध्यस्थता जारी रखने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को पर्याप्त अवसर मिल चुका है और अब इस प्रक्रिया को समाप्त किया जाना चाहिए।
विवाद के दो पहलू और अदालत के विकल्प
अदालत ने मध्यस्थ की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि मध्यस्थ के अनुसार बातचीत से समाधान निकल सकता है, लेकिन विवाद के दो मुख्य पहलू हैं—पहला, प्रतिवादी संख्या 10 और 11 के ट्रस्ट से बाहर निकलने की प्रक्रिया व शर्तें, और दूसरा, रानी कपूर के दावे का निपटारा। कोर्ट ने कहा कि रानी कपूर के दावे को लेकर मध्यस्थता गतिरोध (Impasse) पर पहुंच गई है।
पीठ ने दोनों पक्षों के सामने दो विकल्प रखे कि या तो मध्यस्थता समाप्त कर मुख्य मामले की सुनवाई शुरू की जाए, या मध्यस्थता की प्रक्रिया जारी रखी जाए। अदालत ने स्पष्ट किया कि वह मध्यस्थता के मोह में नहीं पड़ेगी और एक संक्षिप्त आदेश पारित कर इन कार्यवाहियों को समाप्त करेगी।
