बॉक्स ऑफिस पर धीमी पड़ी ‘रामायण’ की रफ्तार, 989 करोड़ के पार पहुंचा कुल कलेक्शन; जानिए ‘ओम’ और ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ का हाल
बॉक्स ऑफिस पर बुधवार को सुस्त प्रदर्शन के बाद गुरुवार, 26 नवंबर को भी प्रमुख फिल्मों की कमाई की रफ्तार धीमी बनी हुई है। रणबीर कपूर और यश स्टारर ‘रामायण’ बुधवार को पहली बार सिंगल डिजिट में सिमटने के बाद 22वें दिन भी कम आंकड़ों पर कारोबार कर रही है।
सैकनिल्क (Sacnilk) की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, ‘रामायण’ ने चौथे गुरुवार को रात 8 बजे तक 6.90 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। दूसरी ओर, सिनेमाघरों में अपना पहला हफ्ता पूरा कर रही धनुष की ‘ओम’ और जापानी मॉन्स्टर फिल्म ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ की कमाई में भी गिरावट दर्ज की गई है।
‘रामायण’ की कुल कमाई 989.35 करोड़ रुपये पहुंची
रिलीज के 21वें दिन यानी तीसरे बुधवार को ‘रामायण’ ने अपनी अब तक की सबसे कम कमाई करते हुए 9.60 करोड़ रुपये जुटाए थे। चौथे गुरुवार को फिल्म की रफ्तार और कम हुई और 22वें दिन रात 8 बजे तक इसने 6.90 करोड़ रुपये कमाए।
सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, 22 दिनों में ‘रामायण’ का भारत में कुल नेट कलेक्शन 989.35 करोड़ रुपये हो गया है। गुरुवार को फिल्म की ऑक्यूपेंसी 11.9 फीसदी दर्ज की गई।
पहले हफ्ते में ‘ओम’ का प्रदर्शन
धनुष की फिल्म ‘ओम’ की कमाई को भी बुधवार को झटका लगा था, जब फिल्म महज 4.10 करोड़ रुपये का ही कारोबार कर पाई थी। सिनेमाघरों में एक सप्ताह पूरा कर रही इस फिल्म ने 7वें दिन यानी पहले गुरुवार को अर्ली ट्रेंड के मुताबिक 2.82 करोड़ रुपये कमाए हैं।
इसके साथ ही भारत में ‘ओम’ का कुल नेट कलेक्शन 68.37 करोड़ रुपये हो गया है। गुरुवार को फिल्म की ऑक्यूपेंसी 16.2 फीसदी रही, जो ‘रामायण’ के मुकाबले अधिक है।
भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ का संघर्ष
जापानी मॉन्स्टर फिल्म ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ पहले दिन से ही भारतीय बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। रिलीज के छठे दिन यानी बुधवार को फिल्म ने केवल 30 लाख रुपये की कमाई की थी।
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, 7वें दिन यानी गुरुवार को रात 8 बजे तक फिल्म ने 28 लाख रुपये जुटाए हैं। सात दिनों में भारत में इसकी कुल नेट कमाई लगभग 4.48 करोड़ रुपये रही है, जबकि गुरुवार को इसकी ऑक्यूपेंसी 13.3 फीसदी दर्ज की गई।
