राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत: CBI-ED जांच का आदेश रद्द, हाई कोर्ट को नए सिरे से सुनवाई का निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ कथित आय से अधिक संपत्ति के मामले में CBI और ED जांच का आदेश रद्द कर दिया है। चीफ जस्टिस सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने इलाहाबाद हाई कोर्ट को इस मामले पर नए सिरे से विचार करने का निर्देश दिया है।
शीर्ष अदालत ने यह भी कहा कि मामले में राहुल गांधी को पक्षकार बनाया जाए, ताकि सुनवाई के दौरान उनका पक्ष भी सुना जा सके। सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट से सभी पक्षों को सुनकर दोबारा फैसला करने को कहा है।
क्या था इलाहाबाद हाई कोर्ट का आदेश
इससे पहले इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच ने भाजपा कार्यकर्ता विग्नेश शिशिर की याचिका पर राहुल गांधी के खिलाफ लगे आरोपों की CBI और ED से जांच कराने का आदेश दिया था।
याचिका में दावा किया गया था कि राहुल गांधी अपनी विदेश यात्राओं पर अब तक करीब 60 करोड़ रुपये खर्च कर चुके हैं और यह राशि उनकी घोषित आमदनी से कहीं अधिक है।
कपिल सिब्बल ने उठाए थे एकतरफा आदेश पर सवाल
राहुल गांधी ने हाई कोर्ट के इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। 17 अगस्त को हुई सुनवाई के दौरान उनके वकील कपिल सिब्बल ने दलील दी कि हाई कोर्ट ने एकतरफा तरीके से आदेश पारित किया।
सिब्बल ने कहा कि शिकायतकर्ता का इस मामले से कोई सीधा संबंध नहीं है, इसके बावजूद उसकी याचिका पर बंद चैंबर में सुनवाई की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सीलबंद लिफाफे में दी गई जानकारियां मीडिया में लीक हो रही थीं। सिब्बल ने इस पूरी प्रक्रिया को प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का उल्लंघन बताया था।
शिकायतकर्ता और CBI की दलील पर कोर्ट का सवाल
सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता विग्नेश शिशिर ने राहुल गांधी की याचिका का विरोध करते हुए कहा कि शुरुआती जांच के स्तर पर प्रस्तावित आरोपी को सुनने का कोई कानूनी प्रावधान नहीं है।
CBI की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) एस वी राजू ने कहा कि एजेंसी अभी केवल प्रारंभिक जांच कर रही है और FIR दर्ज करने पर फैसला जांच पूरी होने के बाद लिया जाएगा। इस दलील पर जस्टिस जोयमाल्या बागची ने सवाल किया कि यदि आरोप इतने गंभीर थे, तो CBI ने खुद संज्ञान लेकर कार्रवाई क्यों नहीं की। अब सुप्रीम कोर्ट के ताजा आदेश के बाद मामला दोबारा इलाहाबाद हाई कोर्ट के पास लौट गया है।
