रियाद में ड्रोन हमले से मची हलचल, 11 घायलों में दो भारतीय शामिल

huti

सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट के एक टावर पर हूती लड़ाकों के हमले में दो भारतीय नागरिकों समेत कुल 11 लोग घायल हो गए हैं। 24 नवंबर को हुए इस हमले की भारत ने कड़ी निंदा करते हुए ऐसे हमलों को तत्काल बंद करने का आह्वान किया है।

विदेश मंत्रालय (MEA) ने बयान जारी कर कहा कि भारत रियाद के वित्तीय जिले के टावर पर हुए हमले के साथ-साथ सऊदी अरब में नागरिक, आर्थिक और ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों की कड़ी निंदा करता है।

घायलों की मदद में जुटा भारतीय दूतावास

विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की कि हमले में घायल लोगों में दो भारतीय शामिल हैं। रियाद स्थित भारतीय दूतावास घायलों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।

बयान में कहा गया कि इस तरह के हमले नागरिक जीवन को गंभीर खतरे में डालते हैं, सऊदी अरब की संप्रभुता का उल्लंघन करते हैं और क्षेत्रीय सुरक्षा व स्थिरता को कमजोर करते हैं। भारत ने सऊदी अरब की सरकार और वहां के लोगों के साथ एकजुटता दोहराते हुए देश की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता तथा नागरिकों व निवासियों की सुरक्षा के प्रति अपने समर्थन की पुष्टि की। मंत्रालय ने क्षेत्र में जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल होने की उम्मीद जताई।

नेपाल और मिस्त्र के नागरिक भी घायलों में शामिल

सऊदी सिविल डिफेंस के अनुसार, हमले में घायल हुए लोगों में भारतीयों के अलावा सऊदी अरब, नेपाल और मिस्त्र के नागरिक भी शामिल हैं।

भारत के अलावा लेबनान और कतर ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है। दोनों देशों ने इसे सऊदी अरब की संप्रभुता और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए गंभीर खतरा बताया।

सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच बढ़ा तनाव

रियाद में यह हमला सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच बढ़ते तनाव के दौर में हुआ है। इससे पहले यमन के अल-हुदैदाह प्रांत में सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन द्वारा हवाई हमले किए जाने के आरोप लगे थे।