‘जनता ने भ्रष्टाचारियों को नकारा’, EVM-वोट चोरी पर राहुल और विपक्ष पर बरसे गिरिराज सिंह

giriraj

केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने वोट चोरी और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) को लेकर विपक्ष के आरोपों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा जुबानी हमला बोला है। शनिवार को बेगूसराय के रिफाइनरी स्थित दिनकर गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि देश में वोट की चोरी नहीं हो रही है, बल्कि जनता ने कथित भ्रष्टाचारियों को वोट देना ही बंद कर दिया है।

बैलेट पेपर से भी मिली हार, फिर EVM पर सवाल क्यों?

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर विपक्ष के पास चुनावी गड़बड़ी के कोई ठोस सबूत हैं, तो उसे चुनाव आयोग के सामने रखना चाहिए। चुनाव में हार मिलने के बाद विपक्ष कभी EVM तो कभी वोट चोरी का मुद्दा उठाता है। उन्होंने त्रिपुरा की ग्राम समितियों के नतीजों और हालिया विधान परिषद चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि इन जगहों पर बैलेट पेपर से चुनाव हुए थे और वहां भी कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। उन्होंने विपक्ष को अपनी हार पर आत्ममंथन करने की सलाह दी।

प्रदर्शन के नाम पर अराजकता फैलाने का आरोप

दिल्ली में विपक्ष के विरोध प्रदर्शन और SIR (Special Intensive Revision) के मुद्दे पर निशाना साधते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि EVM पर सवाल उठाना और SIR को बहाना बनाकर प्रदर्शन करना कांग्रेस की राजनीति का हिस्सा बन गया है। उनके मुताबिक, विपक्ष प्रदर्शन के नाम पर सिर्फ अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार सभी को है, लेकिन इसके लिए राजनीतिक मर्यादा का पालन किया जाना जरूरी है।

जेपी आंदोलन का जिक्र और सरकार की योजनाएं

विपक्ष की सत्ता परिवर्तन की मांग पर गिरिराज सिंह ने जयप्रकाश नारायण के ऐतिहासिक आंदोलन को याद किया। उन्होंने कहा कि जेपी आंदोलन के समय सत्ता परिवर्तन का मुख्य उद्देश्य आपातकाल, प्रेस पर पाबंदी और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर बनाए जा रहे दबाव के खिलाफ आवाज उठाना था। उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि आज वे किस तरह के सत्ता परिवर्तन की बात कर रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार गरीबों और महिलाओं के लिए काम कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना और लखपति दीदी योजना का जिक्र करते हुए दावा किया कि सरकार ने पिछले 11 सालों में देश के चार करोड़ से अधिक लोगों को घर दिए हैं।