‘ड्रग्स ओवरडोज को हत्या बता रही AAP सरकार’, हरसिमरत कौर का CM भगवंत मान पर हमला

harsimrat

पंजाब के मानसा में दलजीत सिंह की मौत के मामले ने बड़ा राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। शिरोमणि अकाली दल (SAD) की वरिष्ठ नेता और बठिंडा की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब पुलिस पर तीखा हमला बोला है। हरसिमरत कौर का आरोप है कि पुलिस और सरकार तस्करों के गठजोड़ को बचाने के लिए दलजीत की ‘ड्रग ओवरडोज’ से हुई मौत को जानबूझकर ‘हत्या’ का रूप दे रही है।

‘सार्वजनिक की जाए असली पोस्टमार्टम रिपोर्ट’

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट करते हुए हरसिमरत कौर बादल ने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री को ‘गुरु द्रोही’ करार दिया। उन्होंने लिखा, “पूरा सरकारी तंत्र पुलिस-तस्कर-प्रशासन और राजनेता के गठजोड़ को बचाने के लिए दिन-रात काम कर रहा है, ताकि उनकी अवैध वसूली पर कोई आंच न आए।”

SAD नेता ने पंजाब सरकार को चुनौती देते हुए कहा, “आज, मैं ‘गुरु द्रोही’ भगवंत मान के नेतृत्व वाली AAP पंजाब सरकार को चुनौती देती हूं कि वे तुरंत असली पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक करें। यह पूरी घटना साफ तौर पर साबित करती है कि पंजाब में ड्रग्स की समस्या के पीछे खुद AAP सरकार ही किंगपिन है।”

‘मामले को छिपाने के लिए हदें पार कर रही पुलिस’

अकाली दल सांसद ने आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हो गया है कि दलजीत सिंह की मौत ड्रग ओवरडोज के कारण हुई है। परिवार भी यही दावा कर रहा है। इसके बावजूद, पुलिस और प्रशासन मामले की लीपापोती करने के लिए हदें पार कर रहे हैं और इसे जबरदस्ती हत्या का मामला बना रहे हैं।

हरसिमरत ने स्पष्ट किया कि वह इस मामले को दबने नहीं देंगी। उन्होंने कहा, “मैं दलजीत सिंह के परिवार के साथ खड़ी हूं और तब तक लगातार लड़ती रहूंगी, जब तक कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह न ठहराया जाए और इंसाफ न मिल जाए।”

हाल ही में पीड़ित परिवार से की थी मुलाकात

इससे पहले 29 अक्टूबर को हरसिमरत कौर बादल ने मानसा जिले के भम्मे कलां गांव जाकर मृतक दलजीत सिंह के परिवार से मुलाकात की थी। उस दौरान भी उन्होंने पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने दावा किया था कि पुलिस और तस्करों के डर के कारण पीड़ित परिवार इतना भयभीत है कि उन्हें अपना घर तक छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है।