JK के CM उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से रचाई शादी, निकाह के बाद आज दिल्ली में पहला रिसेप्शन
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने देश की जानी-मानी पत्रकार और पूर्व न्यूज़ एंकर निधि राजदान से शादी कर ली है। उमर अब्दुल्ला ने खुद सोशल मीडिया के जरिए इस खुशखबरी को साझा किया। जैसे ही दोनों की शादी की तस्वीर वायरल हुई, राजनीतिक और मीडिया जगत से बधाइयों का तांता लग गया।
शशि थरूर और प्रियंका चतुर्वेदी ने दी बधाई
शादी की खबर सामने आते ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट कर नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं। थरूर ने लिखा, “इस नए शपथ ग्रहण की बहुत बढ़िया खबर। आप दोनों को ढेर सारी खुशियां मिलें। आपका वैवाहिक जीवन लंबा और सुखमय हो।” वहीं, शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी पोस्ट करते हुए कहा, “बधाई उमर और निधि।”
स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत हुई शादी, दिल्ली में रिसेप्शन आज
उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान की यह शादी ‘स्पेशल मैरिज एक्ट’ (Special Marriage Act) के तहत संपन्न हुई है। दोनों के रिश्ते को लेकर कानूनी प्रक्रिया अगस्त में शुरू हुई थी, जिसे सितंबर के आखिर में अंतिम रूप दे दिया गया।
स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत कोर्ट मैरिज के रजिस्ट्रेशन से पहले, दोनों ने श्रीनगर के हरि निवास पैलेस में निकाह की रस्म भी अदा की। शादी के बाद आज (शनिवार) शाम 7 बजे दिल्ली में पहला रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद अगले हफ्ते जम्मू में और आखिर में श्रीनगर में भी रिसेप्शन दिया जाएगा।
जुलाई में हुआ था उमर और पायल का तलाक
गौरतलब है कि इसी साल 31 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने उमर अब्दुल्ला और उनकी पहली पत्नी पायल अब्दुल्ला की करीब 30 साल पुरानी शादी को खत्म कर दिया था। कोर्ट ने संविधान के आर्टिकल 142 के तहत अपनी विशेष शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए आपसी सहमति से इस तलाक को मंजूरी दी थी। पहली शादी से उमर अब्दुल्ला के दो बेटे हैं।
वहीं, मशहूर न्यूज़ एंकर रह चुकीं निधि राजदान की भी यह दूसरी शादी है। इससे पहले उनका विवाह एक गीतकार और पत्रकार से हुआ था।
