शिवा शर्मा केस: श्रद्धा दुबे ने नेपाल में तोड़ दिया था फोन! सफेदपोशों को बचाने का शक; आरोपियों की 14 दिन बढ़ी रिमांड
लखनऊ के चर्चित चिकन कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। इस मामले की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश की न्यायिक हिरासत (Judicial Custody) को 14 दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। लखनऊ के सिविल कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तीनों की पेशी हुई। पुलिस ने पूछताछ के लिए इनकी रिमांड की मांग नहीं की। इस बीच, जांच में पता चला है कि श्रद्धा का अहम निजी मोबाइल फोन नेपाल में ही तोड़कर फेंक दिया गया है।
फोन में थे कई सफेदपोशों और अधिकारियों के नंबर?
पुलिस अब तक मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे का पुराना मोबाइल फोन बरामद नहीं कर पाई है। जांच में सामने आया है कि श्रद्धा ने नेपाल में अपना निजी मोबाइल खुद तोड़कर फेंक दिया था। पुलिस को शक है कि उस फोन के जरिए वह कई रसूखदार अधिकारियों और सफेदपोश लोगों के संपर्क में थी और उनके नाम सामने न आएं, इसीलिए उसने फोन को नष्ट कर दिया।
पूछताछ में रश्मि का मोबाइल गिरने की गढ़ी थी कहानी
पुलिस की पूछताछ के दौरान श्रद्धा ने दावा किया था कि उसकी बहन रश्मि का मोबाइल नेपाल में कहीं गिर गया है, लेकिन उसने अपने पुराने मोबाइल का कोई जिक्र नहीं किया था। पुलिस को श्रद्धा के पास से जो फोन मिला है, वह उसने कुछ ही दिन पहले खरीदा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस नए फोन से उसने ज्यादा लोगों से बातचीत नहीं की थी।
नेपाल से ही ले रही थी लखनऊ की पल-पल की अपडेट
9 अक्टूबर को शिवा शर्मा की मौत के बाद श्रद्धा अपनी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश के साथ नेपाल भाग गई थी। वहां बैठकर वह अपने करीबियों के जरिए लखनऊ की हर गतिविधि का अपडेट ले रही थी। नेपाल से लखनऊ लौटने के बाद श्रद्धा हाईकोर्ट में अपने वकील से मिलने गई थी। वकील से मुलाकात के कुछ ही देर बाद उसे एक फोन आया, जिसके बाद उसने सरेंडर करने का प्लान बदल दिया और कानपुर चली गई। इसके बाद वह लगातार लोकेशन बदलती रही। पुलिस अब उस फोन कॉल और कॉल करने वाले व्यक्ति की शिनाख्त में जुटी है।
आमिर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर
श्रद्धा को नेपाल भागने में मदद करने वाले ‘आमिर’ की भूमिका भी जांच के दायरे में है। श्रद्धा ने पूछताछ में आमिर का नाम लिया था, लेकिन घटना के इतने दिन बाद भी आमिर पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस अब आमिर और श्रद्धा के अन्य मददगारों की तलाश में जुटी है।
क्या है पूरा मामला?
9 अक्टूबर की रात लखनऊ के हजरतगंज इलाके में स्थित श्रद्धा दुबे के चौथे तल के फ्लैट से गिरकर चिकन कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतक के परिजनों ने श्रद्धा, रश्मि और ड्राइवर दानिश समेत अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद श्रद्धा नेपाल फरार हो गई थी, जिसके बाद उस पर इनाम घोषित किया गया था। बाद में एसटीएफ की मदद से तीनों आरोपियों को नागपुर से गिरफ्तार किया गया था।
