सीएम योगी का आदेश- बारिश से हुए नुकसान का आकलन कर किसानों को दें मुआवजा
उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण कई जिलों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हालात को देखते हुए प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को आला अधिकारियों के साथ बैठक कर बारिश और खराब मौसम से हुए नुकसान की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं।
किसानों को हरसंभव मदद का भरोसा
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अतिवृष्टि के कारण किसानों की फसलों को जो भी नुकसान पहुंचा है, उसका तत्काल आकलन (सर्वे) किया जाए। सर्वे के आधार पर किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए। सीएम ने भरोसा जताते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी और हर विपरीत परिस्थिति में सरकार अपने अन्नदाताओं के साथ मजबूती से खड़ी है।
मुआवजा और बेघरों के लिए राहत शिविरों की व्यवस्था
सीएम योगी ने बारिश के कारण हुई आर्थिक हानि, पशुहानि और मकान ढहने के मामलों में भी प्रभावितों को तत्काल अनुमन्य मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। जिनके घर गिर गए हैं या बेघर हो गए हैं, उन्हें तुरंत राहत शिविरों और शरणालय केंद्रों में शिफ्ट करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे दफ्तरों से बाहर निकलें, फील्ड में रहें और प्रभावित परिवारों से सीधा संवाद करें। उन्होंने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर, आमजन से की ये अपील
बता दें कि उत्तर प्रदेश में मौसम का यह मिजाज और भारी बारिश नए चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर के कारण देखने को मिल रही है। इस विपरीत मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री ने आम जनता से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि लोग अकारण बच्चों को घर से बाहर न निकलने दें। साथ ही हिदायत दी है कि लोग पुराने और जर्जर मकानों, पेड़ों, टीन शेड और बिजली के खंभों के पास खड़े न हों, बल्कि पूरी तरह सुरक्षित स्थानों पर ही शरण लें।
