‘यादव पैरवी’ वाले वायरल वीडियो पर घमासान: पूर्व मंत्री बोले- ‘यह AI से बनाया गया फर्जी वीडियो’, सपा ने साधा निशाना
भारतीय जनता पार्टी के नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा रहा है कि वह यादवों की पैरवी नहीं करते हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है, जिस पर अब खुद सतीश द्विवेदी ने सफाई दी है और समाजवादी पार्टी ने भी तीखा हमला बोला है।
सतीश द्विवेदी ने खंडन करते हुए वीडियो को बताया ‘AI’
वीडियो वायरल होने के बाद पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर एक वीडियो जारी कर इन दावों का पूरी तरह से खंडन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके बयान के साथ छेड़छाड़ की गई है और यह वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करके बनाया गया है।
फेसबुक पोस्ट में सतीश द्विवेदी ने सफाई देते हुए लिखा, “कुछ शरारती तत्वों द्वारा मेरा एक वीडियो वायरल किया जा रहा है कि ‘मैं यादव की पैरवी नहीं करता हूं’, जबकि मैंने कहा था कि ‘मैं या तो पैरवी नहीं करता हूं और करता हूं तो मामले का निस्तारण कराकर ही छोड़ता हूं’।” उन्होंने बताया कि यह बात उन्होंने ग्राम वेंव मुस्तहकम के एक गरीब परिवार के नौजवान की अकारण पिटाई के बाद थाना त्रिलोकपुर के एक इंस्पेक्टर को सस्पेंड कराने के संदर्भ में कही थी।
“पूरे हिंदू समाज को साथ लेकर चलता हूं”
सतीश द्विवेदी ने आगे कहा कि वह संपूर्ण हिंदू समाज को परिवार की तरह साथ लेकर चलने वाले व्यक्ति हैं। उन्होंने क्षेत्र के कई यादव नेताओं और सहयोगियों के नाम गिनाते हुए कहा कि उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलने वाले यादव नेताओं की एक लंबी श्रृंखला है, जिनमें राम बरन यादव काका, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजकिशोर यादव, गोबर्धन यादव, गुड्डू यादव, खेमराज यादव सहित सैकड़ों लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता यादव समाज से हैं, जिनकी समस्याओं के समाधान के लिए वे प्रशासनिक अधिकारियों से पैरवी करते रहते हैं।
सपा प्रवक्ता आशुतोष वर्मा का पलटवार
इससे पहले समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस वायरल वीडियो को शेयर करते हुए बीजेपी पर कड़ा हमला बोला था। सपा नेता ने पोस्ट में लिखा, “संघी, भाजपाई मानसिकता एक बार फिर उजागर हुई है। एक विशेष जाति, विशेष धर्म के खिलाफ ये संघी-भाजपाई नफरत फैलाते हैं… पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी कह रहे हैं कि मैं कभी यादवों की पैरवी नहीं करता… ये संघी-भाजपाइयों की वास्तविक हकीकत है, जो सबके सामने है।”
वीडियो को लेकर छिड़े इस राजनीतिक विवाद के बीच अब यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां एक तरफ बीजेपी नेता इसे तकनीकी साजिश और AI का दुरुपयोग बता रहे हैं, वहीं विपक्षी दल इसे लेकर लगातार हमलावर हैं।
