कांग्रेस में ‘थप्पड़ कांड’ पर बड़ा घमासान: बस में महिला सांसद को मारा थप्पड़! वायरल वीडियो के बाद हाईकमान से की गई शिकायत
दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई कांग्रेस की रैली के दौरान कथित तौर पर एक अप्रत्याशित घटना सामने आने के बाद पार्टी के भीतर सियासी घमासान मच गया है। कांग्रेस के कुछ पदाधिकारियों ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, केसी वेणुगोपाल और महाराष्ट्र के प्रभारी सिरिवेला प्रसाद को एक ईमेल भेजकर गंभीर शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रामटेक से कांग्रेस सांसद श्याम कुमार बर्वे ने बस के भीतर चंद्रपुर की महिला सांसद प्रतिभा धनोरकर को थप्पड़ मारा है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों का ऐसा बर्ताव पार्टी की छवि को भारी नुकसान पहुंचा रहा है और इससे जनता में गलत संदेश जा रहा है।
10 सेकंड के वायरल वीडियो में क्या है?
इस पूरे मामले से जुड़ा 10 सेकंड का एक वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर चर्चा का विषय बना हुआ है। यह वीडियो उस समय का है जब कई कांग्रेस सांसद एक रैली में शामिल होने के लिए बस से जा रहे थे।
वायरल वीडियो में रामटेक के सांसद श्याम कुमार बर्वे खड़े नजर आते हैं और अपने बगल में बैठीं चंद्रपुर की सांसद प्रतिभा धनोरकर को कथित तौर पर हल्के अंदाज में थप्पड़ मार देते हैं। वीडियो में दिखाई देता है कि शुरुआत में प्रतिभा धनोरकर कोई प्रतिक्रिया नहीं देतीं, लेकिन अगले ही पल वह गुस्से भरी नजरों से बर्वे की तरफ देखती हैं।
हाईकमान से सख्त कार्रवाई की मांग
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि एक तरफ कांग्रेस पार्टी देश में लोकतंत्र, संविधान और महिलाओं के सम्मान की लड़ाई लड़ने का दावा करती है, वहीं दूसरी तरफ पार्टी के ही एक सांसद का ऐसा आचरण असहनीय है।
शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि संगठनात्मक अनुशासन (Organizational Discipline) और महिला नेताओं के सम्मान को सर्वोपरि रखते हुए कांग्रेस हाईकमान इस मामले का तत्काल संज्ञान ले और आरोपी सांसद के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई (Disciplinary Action) करे। इस मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी कांग्रेस पार्टी की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
