यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम का बड़ा बयान: बोले- ‘टिकट के नाम पर पैसे मांगने वाले धोखेबाजों से सावधान रहें, यह विरोधियों की साजिश’
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने टिकट के नाम पर पैसे लेने से जुड़े कथित मेल और वायरल मामलों पर अपनी सफाई दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में जिस तेजी से कांग्रेस पार्टी मजबूत हो रही है, उसे देखकर विरोधी दल घबरा गए हैं और यह सब उन्हीं की एक सोची-समझी साजिश है। उन्होंने ऐसे आलोचकों को धन्यवाद देते हुए टिकट के चाहवानों और पार्टी नेताओं को पूरी तरह से आगाह किया है।
‘अभी टिकट वितरण शुरू नहीं हुआ, पैसे के लेन-देन से बचें’
राजेंद्र पाल गौतम ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि पार्टी की तरफ से अभी तक टिकट वितरण या उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है, हालांकि अब सीटों पर चर्चा जरूर शुरू हो चुकी है। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि वे ऐसे लोगों के झांसे में बिल्कुल न आएं, जो टिकट या पार्टी में कोई पद दिलाने के एवज में पैसे की डिमांड करते हैं।
उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, “कांग्रेस पार्टी में किसी पद या टिकट के लिए कोई पैसे नहीं लिए जाते। खानी रोटी ही है, पैसे नहीं खाए जाते।” उन्होंने यह भी खुलासा किया कि इससे पहले भी ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के नाम पर कुछ लोगों को फोन कर क्यूआर कोड (QR Code) के जरिए पैसे ऐंठने की कोशिश की गई थी, इसलिए सभी को ऐसे लोगों से सावधान रहना चाहिए।
‘जमीन से जुड़े नेताओं को मिलेगा टिकट’
कांग्रेस प्रभारी ने जोर देकर कहा कि पार्टी में केवल उन्हीं लोगों को टिकट दिया जाएगा जो जमीन से जुड़े हुए हैं और जिन्हें जनता जिताने का दम रखती है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे और टिकट वितरण का काम आगे बढ़ेगा, इस तरह के झूठे आरोप और साजिशें और अधिक बढ़ेंगी।
राजेंद्र पाल गौतम ने विश्वास जताया कि आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि इसी बात से विरोधी दल परेशान हैं और तरह-तरह के बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। उनका मुख्य लक्ष्य यूपी में सरकार बनाने के बाद 2029 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाना है।
