सहारनपुर मस्जिद विवाद: शादाब चौहान का आरोप- अखिलेश ने की मैच फिक्सिंग
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित मस्जिद को 5 सितंबर शनिवार को प्रशासन द्वारा ढहाए जाने के बाद खड़ा हुआ सियासी विवाद अब विपक्षी दलों के बीच सीधी नूराकुश्ती में बदल गया है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने इस ध्वस्तीकरण के लिए सीधे तौर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को जिम्मेदार ठहराया है। एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता शादाब चौहान ने आरोप लगाया है कि यह पूरी कार्रवाई एक सोची-समझी ‘मैच फिक्सिंग’ का नतीजा है।
‘दो दिन पहले सहारनपुर आकर अखिलेश ने की फिक्सिंग’ मस्जिद पर बुलडोजर एक्शन के बाद तीखी प्रतिक्रिया देते हुए शादाब चौहान ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव दो दिन पहले सहारनपुर के दौरे पर आए थे और वहीं से यह ‘मैच फिक्सिंग’ तय की गई थी। उन्होंने दावा किया कि इसी फिक्सिंग की पटकथा के तहत मस्जिद को गिराने की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। सपा सांसदों और विधायकों को मौके पर जाने से रोकने और उन्हें हाउस अरेस्ट किए जाने की बात को चौहान ने पूरी तरह से राजनीतिक ड्रामा करार दिया।
रात के अंधेरे में कार्रवाई पर खड़े किए सवाल धर्मस्थल पर बुलडोजर चलाए जाने पर सख्त नाराजगी जताते हुए एआईएमआईएम प्रवक्ता ने कहा कि किसी भी इबादतगाह पर इस तरह की कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए पूछा कि देश और प्रदेश में बड़े-बड़े घोटालों की जांच ठंडे बस्ते में डाल दी जाती है, लेकिन मस्जिदों को गिराने का काम दोगुनी रफ्तार से किया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर ऐसी कौन सी मजबूरी थी कि 115 साल पुरानी बताई जा रही इस मस्जिद को रात के अंधेरे में ही आनन-फानन में गिराने की जल्दी दिखाई गई।
2027 यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर रुख स्पष्ट सहारनपुर विवाद के बीच शादाब चौहान ने आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी अपनी पार्टी की रणनीति स्पष्ट की। उन्होंने कहा:
-
गठबंधन की पहल: AIMIM आगामी 2027 का चुनाव गठबंधन के तहत ही लड़ने का प्रयास करेगी।
-
सपा को सीधी चुनौती: चौहान ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी इस गठबंधन में साथ नहीं आती है, तो इससे साफ जाहिर होता है कि वह भाजपा को हराने को लेकर बिल्कुल गंभीर नहीं है।
-
उम्मीदवारों पर काम शुरू: AIMIM ने अभी से विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी कड़ी में मेरठ की किठौर विधानसभा सीट के लिए पार्टी ने एक संभावित उम्मीदवार भी तय कर लिया है।
