September 15, 2026

राजस्थान निकाय चुनाव में BSP ने जीती 19 सीटें, मायावती का आरोप- जबरन हराया

mayawati-1-768x432

राजस्थान में हुए नगरीय निकाय चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की है। बसपा प्रमुख मायावती ने इन नतीजों पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव परिणामों में धांधली की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर बसपा के कई उम्मीदवारों को हराया गया।

रिकाउंटिंग में धांधली का आरोप

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मायावती ने लिखा कि बसपा ने इस बार 19 पार्षद जिताकर भेजे हैं। उन्होंने दावा किया कि अगर दोबारा गिनती (Recounting) में गड़बड़ी नहीं की जाती, तो नतीजे पार्टी के लिए और भी बेहतर आते।

मायावती ने लिखा, “काफी उम्मीदवार सरकारी मशीनरी की गड़बड़ी की वजह से दोबारा गिनती में ज़बरदस्ती थोड़े-थोड़े वोटों के अन्तर से हरा दिये गये हैं। वरना पार्टी का रिजल्ट यहां और भी अच्छा आ सकता था।”

पंजाब का जिक्र और आगामी चुनावों की तैयारी

बसपा प्रमुख ने राजस्थान की इकाई को बधाई देने के साथ ही पार्टी के हालिया प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इससे पहले पंजाब सहित देश के कुछ अन्य राज्यों में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भी पार्टी के नतीजे पहले के मुकाबले अच्छे रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता आगे होने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भी इसी तरह बेहतर परिणाम लाएंगे।

EVM में खराबी, 10 बूथों पर 16 सितंबर को पुनर्मतदान

राजस्थान चुनाव आयोग ने ईवीएम (EVM) में तकनीकी खराबी के चलते चार शहरों के कुछ मतदान केंद्रों पर 16 सितंबर को पुनर्मतदान (Repolling) कराने के निर्देश दिए हैं।

आयोग के निर्देशों के मुताबिक जयपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 9 के बूथ 111, वार्ड 18 के बूथ 235, वार्ड 25 के बूथ 343 और वार्ड 34 के बूथ 477 व 484 पर फिर से वोट डाले जाएंगे। इसके अलावा नगर निगम जोधपुर के वार्ड 50 के बूथ 338, नगर निगम कोटा के वार्ड 87 (बूथ 99), वार्ड 44 (बूथ 448), वार्ड 11 (बूथ 576) तथा सुकेत नगरपालिका के वार्ड 4 के बूथ 05 पर पुनर्मतदान कराया जाएगा।

BJP की जीत पर पीएम मोदी की प्रतिक्रिया

राजस्थान शहरी निकाय चुनावों के समग्र नतीजों में सत्तारूढ़ भाजपा ने कांग्रेस को पीछे छोड़ दिया है। चुनाव परिणाम के आंकड़ों के अनुसार, भाजपा ने 4,179 वार्डों में जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस के खाते में 3,613 वार्ड आए हैं। राज्य के 10 नगर निगमों में से चार में भाजपा ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की इस जीत पर एक्स पर पोस्ट कर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, “राजस्थान के नगर निकाय चुनाव में भाजपा को प्रचंड जीत दिलाने के लिए जनता-जनार्दन का हृदय से आभार। यह झूठ की गूंज के सामने सत्य की विजय का प्रमाण है।” उन्होंने जनादेश को राज्य में ‘डबल इंजन’ सरकार की सुशासन एवं विकास की नीतियों को मिला जनसमर्थन बताया।