September 16, 2026

Gujarat: महिला कांग्रेस अध्यक्ष के बेटे ने बनवाया फर्जी पासपोर्ट, ATS ने किया गिरफ्तार

congress

गुजरात महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष गीताबेन पटेल के बेटे हरिकेश पटेल को फर्जी पासपोर्ट बनवाने के आरोप में गुजरात एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने गिरफ्तार किया है। हरिकेश पर आरोप है कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उसका मूल पासपोर्ट अदालत में जमा होने के बावजूद उसने दूसरे राज्य से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नया पासपोर्ट बनवा लिया।

इस फर्जी पासपोर्ट के जरिए हरिकेश ने नेपाल और भूटान समेत कई देशों की यात्राएं भी की हैं। एटीएस ने उसे अहमदाबाद के साइंस सिटी इलाके से गिरफ्तार किया है।

ED के मामले में कोर्ट में जमा था पासपोर्ट

एटीएस की जांच में सामने आया है कि हरिकेश पटेल 2022 के ईडी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी है। इसी मामले के तहत उसका मूल पासपोर्ट अदालत में जमा करवाया गया था। बाद में ईडी की अपील पर उसके जमानत आदेश को भी रद्द कर दिया गया था।

दिल्ली में लिखवाई झूठी रिपोर्ट, 25 लाख में डील

पासपोर्ट कोर्ट में जमा होने के बावजूद हरिकेश ने दिल्ली क्राइम ब्रांच में अपना पुराना पासपोर्ट खो जाने की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई। नए पासपोर्ट की प्रक्रिया पूरी करने के लिए उसने उत्तर प्रदेश के आगरा में किराए पर रहने का एक फर्जी रेंट एग्रीमेंट तैयार करवाया।

इन्हीं फर्जी दस्तावेजों और शिकायत के आधार पर उसने गाजियाबाद के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) में आवेदन किया और 2024 में नया पासपोर्ट हासिल करने में कामयाब रहा। जांच के मुताबिक, हरिकेश ने यह पूरा फर्जीवाड़ा दिल्ली के एक एजेंट के जरिए अंजाम दिया, जिसे इस काम के लिए करीब 25 लाख रुपये की रकम दी गई थी।

फर्जी पासपोर्ट पर बैंकॉक, दुबई और सिंगापुर की यात्रा

नया पासपोर्ट हासिल करने के बाद हरिकेश पटेल ने नेपाल और भूटान का दौरा किया। वहां से वह बैंकॉक, दुबई और सिंगापुर समेत अन्य देशों की यात्रा पर भी गया। जांच में यह भी सामने आया है कि वह लंबे समय तक दुबई में ठहरा था।

एटीएस के मुताबिक, हरिकेश पर पहले भी नारणपुरा और क्राइम ब्रांच में धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हो चुके हैं और इन मामलों में वह गिरफ्तार भी हो चुका है।

फर्जी कंपनियों और ‘म्यूल अकाउंट्स’ का खुलासा गुजरात एटीएस के एसपी के. सिद्धार्थ ने बताया कि पुलिस जांच में हरिकेश के नाम पर कई कंपनियां रजिस्टर्ड होने की जानकारी मिली है। इनमें से कुछ कथित फर्जी कंपनियां भी शामिल हैं, जिनके जरिए धोखाधड़ी करने की आशंका है और इसकी जांच चल रही है।

इसके अलावा, जांच एजेंसियों को हरिकेश से जुड़े कई कथित ‘म्यूल बैंक अकाउंट’ (धोखाधड़ी के पैसे ट्रांसफर करने वाले खाते) भी मिले हैं। एटीएस इन खातों और पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और इस पूरे मामले की जानकारी ईडी को भी दे दी गई है।