दुनियाभर में ग्राउंड होंगी ईरानी एयरलाइंस, मदद करने वालों पर भी लगेगा बैन

U.S. President Donald Trump Visits Scotland For Rounds Of Golf And Trade Talks

मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच अमेरिका ने ईरान की कमर तोड़ने के लिए एक नया और कड़ा आर्थिक दांव चला है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर अधिकतम आर्थिक दबाव बनाने के मकसद से उसकी सभी एयरलाइंस को वैश्विक स्तर पर प्रतिबंधित (Ground) करने की तैयारी कर ली है। इस फैसले के अमल में आने के बाद ईरान की अंतरराष्ट्रीय उड़ानें पूरी तरह ठप हो सकती हैं, जिससे तेहरान के सामने भारी आर्थिक संकट खड़ा होने की आशंका है।

अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने साफ किया है कि इस कदम के बाद ईरानी एयरलाइंस के लिए विदेशों में परिचालन जारी रखना लगभग नामुमकिन हो जाएगा।

23 सितंबर को बड़ा आदेश: मददगारों पर भी कसेगा शिकंजा

अमेरिकी प्रशासन की योजना के अनुसार, प्रतिबंधों का दायरा केवल ईरानी विमानों तक सीमित नहीं रहेगा।

  • सहयोगियों पर पाबंदी: जो भी एयरपोर्ट ईरानी विमानों को उतरने की जगह देंगे, जो कंपनियां उनकी टिकटें बेचेंगी, जेट फ्यूल मुहैया कराने वाले सप्लायर्स और एयरलाइंस के सभी अंतरराष्ट्रीय बिजनेस पार्टनर्स पर भी अमेरिकी प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।

  • 23 सितंबर को ऐलान: ट्रंप प्रशासन 23 सितंबर को औपचारिक आदेश जारी कर इस फैसले को लागू कर सकता है। पहले भी ईरान की एविएशन इंडस्ट्री पर कई पाबंदियां लगाई जा चुकी हैं, लेकिन अब पूरी तरह ‘ग्लोबल ग्राउंडिंग’ कर ईरान को ‘इकोनॉमिक डी-डे’ की तरफ धकेलने की रणनीति बनाई गई है।

कई देशों ने रोकीं उड़ानें, अलग-थलग पड़ा ईरान

अमेरिकी सख्ती और संभावित प्रतिबंधों के डर से कई देशों ने पहले ही ईरानी एयरलाइंस के खिलाफ कदम उठाने शुरू कर दिए हैं:

  • इराक ने अपने हवाई क्षेत्र और एयरपोर्ट्स पर ईरानी उड़ानों पर रोक लगा दी है।

  • जॉर्जिया ने भी ईरानी विमानों के उड़ान भरने पर पाबंदी लगाई है।

  • तुर्किये ने भी अपने यहां ईरानी उड़ानों के संचालन को रोक दिया है।

इन प्रतिबंधों के चलते ईरानी एयरलाइंस के लिए विमानों का रख-रखाव (Maintenance), स्पेयर पार्ट्स की खरीद और नियमित संचालन बेहद जटिल हो गया है।

IRGC की अमेरिका को सख्त चेतावनी

अमेरिका के इस बड़े आर्थिक हमले पर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। IRGC के डिप्टी कमांडर-इन-चीफ मेजर जनरल मुस्तफा इजादी ने अमेरिका को खुली चेतावनी देते हुए कहा:

  • ईरान मिसाइल, ड्रोन, क्रूज मिसाइल, साइबर सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर और आधुनिक एयर डिफेंस के साथ लंबी लड़ाई के लिए पूरी तरह तैयार है।

  • अमेरिका और इजरायल युद्ध के मैदान में ईरान के खिलाफ अपने मंसूबों में कभी कामयाब नहीं हो पाएंगे।

  • इजादी ने यह भी कहा कि इस्लामिक रेजिस्टेंस फ्रंट और यमन के हूती विद्रोही पूरी तरह सक्रिय हैं तथा अमेरिका का साथ देने वाला हर देश अब ईरान के निशाने पर होगा।