पासबुक की तरह मिलेगा ‘प्रॉपर्टी कार्ड’: बिहार में भूमि सर्वे के बीच जानें क्या-क्या होगा दर्ज और सुधार का नियम

samrat

बिहार में चल रहे भूमि सर्वेक्षण के बीच रैयतों को पासबुक की तर्ज पर ‘प्रॉपर्टी कार्ड’ यानी नागरिक अधिकार अभिलेख देने की तैयारी तेज हो गई है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, सर्वे के पहले चरण के तहत अब तक 20 जिलों के 1,617 मौजों के अंतिम अधिकार अभिलेख का प्रकाशन हो चुका है।

यह प्रॉपर्टी कार्ड किसी भी भूमि या संपत्ति के स्वामित्व का आधिकारिक और प्रमाणिक दस्तावेज होगा। अंतिम प्रकाशन के बाद रैयतों को इसे उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है।

प्रॉपर्टी कार्ड में कौन सी जानकारियां रहेंगी

प्रॉपर्टी कार्ड में रैयत की व्यक्तिगत पहचान से जुड़ी जानकारियां दर्ज होंगी। इनमें रैयत का नाम, पिता का नाम, पता, जाति, मोबाइल नंबर और आधार नंबर शामिल रहेंगे।

जमीन से जुड़ा पूरा विवरण भी इस कार्ड का हिस्सा होगा। इसमें खाता-खेसरा, प्लॉट नंबर, रकबा, चौहद्दी, भूमि का वर्गीकरण और जियो-रिफरेंस मानचित्र अंकित रहेगा।

डिजिटल सत्यापन और यूनिक पहचान

कार्ड की प्रामाणिकता और डिजिटल सत्यापन के लिए इस पर एक यूनिक प्रॉपर्टी आईडी दी जाएगी। इसके साथ ही नजरी नक्शा और क्यूआर कोड भी मौजूद रहेगा।

विभाग के मुताबिक, इससे भूमि अभिलेखों में पारदर्शिता और स्पष्टता आएगी। आगे चलकर पारिवारिक और सामाजिक स्तर पर होने वाले भूमि विवादों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

प्रपत्र-25 और तीन माह के भीतर अपील का विकल्प

राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने सोमवार को बताया कि विभिन्न मौजों में चल रहे सर्वे के दौरान हर सात दिन पर ‘प्रपत्र-25’ का प्रकाशन किया जाएगा। प्रकाशित विवरण पर किसी रैयत को आपत्ति होने पर प्रपत्र-25 के प्रकाशन की तिथि से तीन महीने के भीतर अपर समाहर्ता के न्यायालय में अपील कर सुधार कराया जा सकेगा।

उन्होंने नागरिकों से सर्वे कार्य में हिस्सा लेने और प्रशासन को सहयोग करने की अपील की। मंत्री के अनुसार, आम जनता के सहयोग से इस कार्य को तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जा सकेगा।