पाकिस्तान बुलाएगा, लेकिन क्या जाएंगे मोदी? 2027 SCO समिट पर दुनिया की नजर

modi

पाकिस्तान वर्ष 2027 में संस्कृति मंत्रियों के समिट और अगस्त में SCO राष्ट्राध्यक्ष परिषद के शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। इन आयोजनों के लिए भारत को भी निमंत्रण भेजने की तैयारी की जा रही है।

भारत में 22-23 नवंबर को हुए सभ्यागत संवाद सम्मेलन के दौरान पाकिस्तानी मंत्री डॉ. मुसादिक मलिक ने मीडिया ब्रीफिंग में यह जानकारी दी। मलिक अपनी पत्नी के साथ इस सम्मेलन में शामिल हुए थे।

अगस्त में प्रस्तावित समिट और भारत का रुख

पाकिस्तान यूरेशियाई ग्रुप के तहत संस्कृति मंत्रियों की बैठक आयोजित करेगा, जिसके बाद अगस्त में राष्ट्राध्यक्षों का समिट प्रस्तावित है। इनपुट के मुताबिक, पाकिस्तान 14 अगस्त 2027 को राष्ट्राध्यक्षों का समिट आयोजित कर सकता है।

राष्ट्राध्यक्षों के समिट में भारत का प्रतिनिधित्व प्रधानमंत्री करते हैं। निमंत्रण मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्लामाबाद जाने को लेकर भारतीय अधिकारियों का कहना है कि उनके दौरे की संभावना न के बराबर है।

अधिकारियों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी या कोई अन्य भारतीय मंत्री पाकिस्तान तभी जाएगा, जब सीमा पर आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान के रुख में बदलाव आएगा। भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा की गारंटी चाहता है और जब तक यह नहीं मिलती, तब तक पाकिस्तान को लेकर भारत का रुख नहीं बदलेगा।

2024 और 2025 के घटनाक्रम का जिक्र

साल 2024 में राष्ट्राध्यक्षों का शिखर सम्मेलन कजाकिस्तान में हुआ था, जहां भारत की ओर से प्रधानमंत्री की जगह विदेश मंत्री एस जयशंकर शामिल हुए थे।

इससे पहले अक्टूबर 2024 में SCO विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए विदेश मंत्री एस जयशंकर पाकिस्तान गए थे। उसके बाद सितंबर 2025 में विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव आलोक डिमरी SCO राष्ट्रीय समन्वयकों की बैठक में पाकिस्तान गए थे, जो पाकिस्तान की अध्यक्षता वाले SCO कार्यक्रमों का कैलेंडर अंतिम रूप देने के लिए बुलाई गई थी।

इनपुट के अनुसार, अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद किसी भारतीय मंत्री ने पाकिस्तान में किसी बैठक या समिट में हिस्सा नहीं लिया है। आगे भी भागीदारी की संभावना तब तक नहीं मानी जा रही है, जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को लेकर अपना रुख नहीं बदलता या आतंकवाद का जड़ से खात्मा नहीं करता।