लॉन्च हुआ 24 घंटे चलने वाला ‘ट्रंप टीवी’, हर बड़ा ऐलान अब सीधे पहुंचेगा जनता तक

trump01

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मुख्यधारा के मीडिया संस्थानों के बीच जारी टकराव के बीच व्हाइट हाउस ने अपना खुद का 24 घंटे चलने वाला आधिकारिक यूट्यूब चैनल ‘ट्रंप टीवी’ (Trump TV) लॉन्च कर दिया है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अमेरिकी राष्ट्रपति के पुराने व नए भाषण, ऐतिहासिक क्षण, अहम नीतिगत फैसले और ट्रंप प्रशासन से जुड़े तमाम आधिकारिक अपडेट्स अब सातों दिन और 24 घंटे सीधे लाइव स्ट्रीम किए जाएंगे।

व्हाइट हाउस ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर इस चैनल के लॉन्च की घोषणा करते हुए लिखा, “यह लाइव है। ट्रंप टीवी अब स्ट्रीम हो रहा है। 24/7 रियल-टाइम अपडेट, जिसमें ऐतिहासिक पल, सरकारी ऐलान और प्रशासन से जुड़ी हर बड़ी बात एक ही जगह मिलेगी। हर बड़ा पल जो अब तक आपके टीवी तक नहीं पहुंच पाता था, वह अब सीधे आप तक पहुंचेगा।”

लॉन्चिंग के दौरान चैनल पर राष्ट्रपति ट्रंप के प्रमुख सार्वजनिक संबोधनों और संयुक्त राज्य अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में उनके शपथ ग्रहण समारोह के फुटेज प्रसारित किए गए।

मीडिया से क्यों नाराज हैं ट्रंप?

‘ट्रंप टीवी’ का यह प्लेटफॉर्म ऐसे संवेदनशील समय में शुरू किया गया है जब ट्रंप प्रशासन और अमेरिका के दिग्गज मीडिया संगठनों के बीच व्हाइट हाउस प्रेस एक्सेस (Press Access) को लेकर खुली कानूनी जंग छिड़ी हुई है।

व्हाइट हाउस ने हाल ही में प्रमुख समाचार संस्थानों— सीएनएन (CNN), पोलिटिको (Politico) और एमएस नाउ (MS Now) के पत्रकारों के प्रेस पास रद्द कर दिए थे और उनके व्हाइट हाउस ब्रीफिंग रूम में प्रवेश पर रोक लगा दी थी। इस प्रतिबंध के विरोध में तीनों मीडिया घरानों ने इसे असंवैधानिक और प्रेस की स्वतंत्रता का हनन बताते हुए फेडरल कोर्ट में मुकदमा दायर कर दिया है। मीडिया संगठनों का तर्क है कि सरकार यह तय नहीं कर सकती कि किन पत्रकारों को व्हाइट हाउस में रिपोर्टिंग की अनुमति मिलेगी।

‘फेक न्यूज फैलाएंगे तो नहीं मिलेगा प्रवेश’— ट्रंप का पलटवार

सोमवार को न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से मुखातिब हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने मीडिया पर लगाए गए प्रतिबंधों का जोरदार बचाव किया। मीडिया घरानों द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस के संभावित बहिष्कार (Boycott) की खबरों पर तंज कसते हुए ट्रंप ने कहा,

“उन्होंने कहा था कि वे मेरा बॉयकॉट करेंगे, लेकिन वे कभी ऐसा नहीं करते। मुझे इसकी जरा भी परवाह नहीं थी। देखिए, आज भी यहां कितनी मीडिया मौजूद है।”

इसके साथ ही राष्ट्रपति ट्रंप ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि प्रत्येक मीडिया घराने को निष्पक्ष और तटस्थ रहना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर कोई भी संस्थान फेक न्यूज फैलाएगा, तो वे उसे किसी भी कीमत पर व्हाइट हाउस में प्रवेश की अनुमति नहीं देंगे। सीधे जनता तक अपनी बात पहुंचाने के लिए शुरू किए गए ‘ट्रंप टीवी’ को इसी मीडिया वॉर की अगली कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।