क्या पाकिस्तान में बंट जाएगा सिंध? कराची से कई शहरों तक सड़कों पर उतरे हजारों लोग

asim munir

पाकिस्तान के कराची और पूरे सिंध प्रांत में नए प्रांत बनाने की कोशिशों के विरोध में हजारों लोग सड़कों पर उतर आए हैं। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में लाल झंडे लेकर तथा पारंपरिक सिंधी अजरक स्कार्फ और टोपियां पहनकर सेना प्रमुख आसिम मुनीर के खिलाफ नाराजगी जताई है।

सेना प्रमुख आसिम मुनीर के नेतृत्व वाला मिलिट्री सिस्टम सिंध को बांटकर नए प्रांत बनाने की तैयारी कर रहा है। इसी प्रस्ताव के खिलाफ सिंधी राष्ट्रवादी संगठन ‘जेय सिंध मुत्तहिदा महाज़’ (JSMM) ने पाकिस्तान के सबसे अधिक आबादी वाले और राजनीतिक रूप से प्रभावशाली प्रांत पंजाब की आर्थिक नाकाबंदी करने की धमकी दी है।

सिंध में क्यों बढ़ रहा है आक्रोश

प्रदर्शन के दौरान JSMM के सदस्यों ने आजाद सिंधदेश के समर्थन में नारे लगाए। संगठन के सदस्यों का कहना है कि प्रांत की अखंडता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।

राष्ट्रवादी संगठनों और उनके नेताओं ने आरोप लगाया कि आसिम मुनीर उनकी मातृभूमि को टुकड़ों में बांटने की साजिश रच रहे हैं। इनपुट के अनुसार, प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ रही है और विरोधी गुट भी एक साथ रैलियां करने की योजना बना रहे हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ने की आशंका है।

नए प्रांत के प्रस्ताव पर PPP की चेतावनी

इनपुट के मुताबिक, गृह मंत्री मोहसिन नकवी और आसिम मुनीर ने नए प्रांत बनाने का प्रस्ताव पेश किया है। सिंध-केंद्रित पार्टी ‘पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी’ (PPP) के प्रमुख बिलावल भुट्टो-जरदारी ने शहबाज शरीफ सरकार को चेतावनी दी है कि सिंध को बांटने की कोई कोशिश न की जाए।

PPP की चेतावनी के बाद इस प्रस्ताव का विरोध और तेज हो गया है। बिलावल भुट्टो-जरदारी के अनुसार, मुनीर के प्रस्ताव को लेकर सिंध के लोगों में इतना गुस्सा है कि जरूरत पड़ने पर वे हथियार भी उठा सकते हैं, जिससे कराची और हैदराबाद में हालात और खराब हो सकते हैं।