जंतर-मंतर पर आज भी प्रदर्शन, इलाके में धारा 163 लागू; दिल्ली में 30 जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन

cjp

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन रविवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रहेगा। शनिवार को भारी पुलिस बल की तैनाती और कई नेताओं-कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने के बावजूद सीजेपी ने अपने आंदोलन से पीछे हटने से इनकार कर दिया है। रविवार सुबह 10 बजे से जंतर-मंतर पर कार्यकर्ता फिर जुटना शुरू होंगे। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी है और धारा 163 लागू कर दी है।

राजधानी में प्रदर्शन को देखते हुए नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के कई इलाकों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती बढ़ाई गई है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने हालात को देखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें 30 प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन की आशंका जताई गई है।

हिरासत से नहीं डरेगा संगठन: CJP

शनिवार को पुलिस कार्रवाई के बाद सीजेपी नेता अजिंक्य शिंदे ने स्पष्ट किया कि संगठन अपने विरोध प्रदर्शन से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार यह मानकर चल रही थी कि कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने से आंदोलन खत्म हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं होगा।

शिंदे के मुताबिक, पुलिसिया कार्रवाई का सीजेपी के आंदोलन पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। संगठन के अन्य प्रतिनिधियों ने भी शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों को हिरासत में लिए जाने पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। सीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया है कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने के अधिकारों को सीमित किया जा रहा है और मौजूदा हालात की तुलना ‘अघोषित आपातकाल’ से की है।

दिल्ली में 30 जगहों पर रूट डायवर्जन

सीजेपी के दोबारा प्रदर्शन के ऐलान के बाद दिल्ली पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर अलर्ट जारी किया है। रविवार को नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के कई हिस्सों में ट्रैफिक भारी रूप से प्रभावित रहने की संभावना है।

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह 6 बजे से ही जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए जा रहे हैं। जंतर-मंतर के अलावा कनॉट प्लेस, मंडी हाउस, पटेल चौक और मध्य दिल्ली के दूसरे प्रमुख चौराहों पर 30 से अधिक स्थानों पर वाहनों की आवाजाही पर सीधा असर पड़ सकता है। पुलिस ने आम जनता को सलाह दी है कि घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखें और गैर-जरूरी यात्राओं से बचें।