‘तिरंगा लहराना कोई क्राइम नहीं’: CJP फाउंडर अभिजीत दीपके का बड़ा ऐलान, 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस में निकालेंगे तिरंगा मार्च
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं की गिरफ्तारी के बाद पार्टी आक्रामक मूड में नजर आ रही है। CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके ने ऐलान किया है कि उनकी पार्टी 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में ‘लहरा दो तिरंगा’ कार्यक्रम आयोजित करेगी। दीपके ने देश भर के देशभक्तों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में तिरंगे के साथ इस प्रदर्शन में शामिल हों।
सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी पर भड़के दीपके
हाल ही में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान CJP नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया है।
अभिजीत दीपके ने इन गिरफ्तारियों पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि उनके साथियों को सिर्फ तिरंगा लहराने के कारण जेल में डाला गया है। उन्होंने कहा, “इन तानाशाहों को बता दीजिए कि हमारा तिरंगा हमारा प्राइड है और उसे लहराना कोई क्राइम नहीं है। हो सकता है कि इसके बाद मुझे भी जेल में डाल दिया जाएगा, लेकिन मुझे उसकी कोई चिंता नहीं है। मेरा तिरंगा मेरा प्राइड है और उसे मैं लहराकर ही रहूंगा।”
साथ ही, उन्होंने उन समर्थकों से भी अपील की है जो दिल्ली नहीं आ सकते कि वे अपने-अपने शहरों में तिरंगा मार्च निकालें और विरोध दर्ज कराएं।
दादी के निधन के बाद लौटे दिल्ली
अभिजीत दीपके व्यक्तिगत पारिवारिक त्रासदी के बीच वापस लौटे हैं। गत 10 अक्टूबर को उनकी दादी का निधन हो गया था, जिस वक्त वह दिल्ली पुलिस की हिरासत में थे। पुलिस ने मानवीय आधार पर उन्हें गांव तक पहुंचाने की पेशकश की थी, लेकिन उन्होंने हिरासत में ही रहने का फैसला किया था।
इसके बाद 11 अक्टूबर को अदालत ने दीपके के साथ-साथ सौरव दास और आशुतोष रांका को रिहा कर दिया था, जिसके बाद दीपके अंतिम संस्कार के कार्यक्रमों में शामिल होने अपने गांव चले गए थे। बुधवार (14 अक्टूबर) को वह वापस दिल्ली लौट आए हैं और अब अपनी पार्टी के आगामी आंदोलन की तैयारियों में जुट गए हैं।
