चंद्रशेखर आजाद का आकाश आनंद को खुला ऑफर, बोले- ‘आलोचनाओं के बाद भी वो मेरे छोटे भाई’
उत्तर प्रदेश की राजनीति में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के भीतर चल रही संगठनात्मक उथल-पुथल के बीच आजाद समाज पार्टी (ASP) के प्रमुख और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने एक बड़ा सियासी दांव चला है। चंद्रशेखर आजाद ने बसपा सुप्रीमो मायावती के भतीजे और हाल ही में पार्टी से किनारे किए गए आकाश आनंद को अपने साथ आने का खुला निमंत्रण दिया है। उन्होंने आकाश आनंद को अपना छोटा भाई बताते हुए कहा है कि दोनों मिलकर डॉ. भीमराव आंबेडकर के मिशन को आगे बढ़ा सकते हैं।
‘आलोचनाओं के बावजूद मन में छोटे भाई का भाव’
चंद्रशेखर आजाद ने स्पष्ट किया कि अतीत में आकाश आनंद ने भले ही उनकी राजनीतिक आलोचना की हो, लेकिन व्यक्तिगत रूप से वे उन्हें हमेशा छोटा भाई मानते हैं। आजाद ने कहा, “आकाश आनंद छोटे भाई जैसे हैं। अगर वे साथ आते हैं, तो महापुरुषों के जो भी अधूरे काम रह गए हैं, उनको हम लोग मिलकर पूरा करेंगे।”
‘BSP में मेरी नो-एंट्री, लेकिन ASP में उनका स्वागत’
बसपा के साथ अपने समीकरणों पर बात करते हुए भीम आर्मी चीफ ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी में उनके जाने के रास्ते पूरी तरह से बंद हो चुके हैं। इसके उलट, उन्होंने आकाश आनंद के लिए अपनी पार्टी के दरवाजे हमेशा खुले रहने की बात कही।
उन्होंने अन्य कार्यकर्ताओं और नेताओं से भी अपील करते हुए कहा कि वे खुले मन से इस मिशन का हिस्सा बन सकते हैं। चंद्रशेखर ने कहा, “बाबा साहब, उनके मिशन और विचारों को जो भी आगे बढ़कर साथ में काम करना चाहेगा, आजाद समाज पार्टी उसका पूरी तरह स्वागत करेगी।”
मायावती के कड़े फैसले के बाद आया आजाद का ऑफर
चंद्रशेखर आजाद का यह ऑफर सीधे तौर पर बसपा के हालिया घटनाक्रमों से जुड़ा है। बसपा प्रमुख मायावती ने कुछ समय पहले आकाश आनंद को राष्ट्रीय संयोजक के पद से हटा दिया था और उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। इसके बाद शनिवार को मायावती ने एक विस्तृत बयान जारी कर यह भी स्पष्ट कर दिया कि भविष्य में उनके परिवार के किसी भी सदस्य को बहुजन समाज पार्टी में कोई राजनीतिक पद या लाभ नहीं दिया जाएगा। मायावती के इसी सख्त फैसले के बाद चंद्रशेखर ने दलित राजनीति में आकाश आनंद को नया राजनीतिक मंच देने की यह पेशकश की है।
