Rashid Khan ने रचा इतिहास, T20I में 200 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बने
राशिद खान T20I क्रिकेट में 200 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बने।
Rashid Khan 200 T20I Wickets: अफगानिस्तान ने गुरुवार को शारजाह में खेले गए दूसरे टी20 मैच में जिम्बाब्वे को 19 रनों से हरा दिया। इस मुकाबले में अफगानिस्तान की जीत के साथ कप्तान राशिद खान ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जो अब तक दुनिया का कोई दूसरा गेंदबाज हासिल नहीं कर सका है। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट के नुकसान पर 221 रन बनाए थे, जिसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम ने 200 रन का आंकड़ा पार किया, लेकिन जीत से 19 रन दूर रह गई। जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने शतक लगाया, लेकिन उनकी यह पारी टीम के काम नहीं आ सकी।
राशिद खान ने टी20 इंटरनेशनल में पूरे किए 200 विकेट
राशिद खान ने जिम्बाब्वे के खिलाफ इस मैच में चार ओवर गेंदबाजी की और 29 रन देकर एक विकेट हासिल किया। इसी विकेट के साथ उनके टी20 इंटरनेशनल करियर में 200 विकेट पूरे हो गए। वह इस फॉर्मेट में 200 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं। राशिद ने जिम्बाब्वे के विकेटकीपर-बल्लेबाज ताडीवानाशे मारूमानी को आउट करके यह उपलब्धि हासिल की, जिन्हें उन्होंने दो रन के निजी स्कोर पर एलबीडब्ल्यू किया।
इस रिकॉर्ड के साथ राशिद खान ने टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में अपना पहला स्थान और मजबूत कर लिया है। इस सूची में दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के लेग स्पिनर आदिल रशीद हैं, जिन्होंने 153 मैचों में 171 विकेट लिए हैं। वहीं, राशिद खान ने केवल 120 मैचों में 200 विकेट पूरे कर लिए हैं।
अजमतुल्लाह ओमरजई के शतक से अफगानिस्तान ने बनाया बड़ा स्कोर
मैच में अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह ओमरजई ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने 50 गेंदों पर पांच चौके और 12 छक्के लगाकर 116 रन बनाए। उनके अलावा एजाज अहमद ने भी तेज बल्लेबाजी की और 27 गेंदों पर 52 रन की पारी खेली। इन दोनों बल्लेबाजों के प्रदर्शन की मदद से अफगानिस्तान ने सात विकेट पर 221 रन बनाए।
106 रन बनाकर भी टीम को जीत नहीं दिला सके सिकंदर रजा
222 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने मुकाबले में अच्छी कोशिश की, लेकिन उसे निर्धारित ओवरों में जीत नहीं मिल सकी। कप्तान सिकंदर रजा ने एक छोर संभालते हुए 56 गेंदों पर पांच चौके और नौ छक्कों की मदद से नाबाद 106 रन बनाए। हालांकि, दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला और जिम्बाब्वे की टीम 19 रन से मुकाबला हार गई।
| गेंदबाज | T20I मैच | विकेट |
|---|---|---|
| राशिद खान | 120 | 200 |
| आदिल रशीद | 153 | 171 |
