कल यूपी में स्कूल रहेंगे बंद, UPPET परीक्षा के चलते लखनऊ समेत 60 जिलों में छुट्टी

students

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की यूपीपीईटी (UPPET) 2026 परीक्षा के दूसरे चरण के चलते शुक्रवार, 30 अक्टूबर को लखनऊ समेत राज्य के लगभग 60 जिलों में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। लखनऊ के जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) देवेंद्र कुमार पांडेय ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। इस आदेश के तहत राजधानी के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और प्राइवेट स्कूलों में पूरी तरह से शैक्षणिक अवकाश रहेगा।

किन-किन जिलों में बंद रहेंगे स्कूल?

लखनऊ के अलावा प्रदेश के कई अन्य बड़े जिलों में भी प्रशासनिक स्तर पर स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। इनमें प्रयागराज, अलीगढ़, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर और गोरखपुर प्रमुख रूप से शामिल हैं।

सभी जिलों में जिला विद्यालय निरीक्षकों की तरफ से जारी निर्देशों के अनुसार राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय, सीबीएसई (CBSE), आईसीएसई (ICSE) और यूपी बोर्ड समेत अन्य सभी बोर्ड के स्कूल बंद रहेंगे। प्रशासन ने सभी स्कूलों के प्रिंसिपल्स को इस आदेश का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है।

लखनऊ में 45 सेंटर, सड़कों पर बढ़ेगा दबाव

पीईटी परीक्षा के लिए अकेले राजधानी लखनऊ में 45 एग्जाम सेंटर्स बनाए गए हैं। अनुमान है कि लखनऊ के इन सेंटर्स पर हर शिफ्ट में करीब 20,000 से 25,000 कैंडिडेट्स परीक्षा देने पहुंचेंगे। उम्मीदवारों के साथ उनके अभिभावकों के भी शहर में आने से यातायात का भारी दबाव बढ़ने की संभावना है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों को बंद रखने का एहतियाती कदम उठाया है।

दो शिफ्ट में होगी परीक्षा, जानें टाइमिंग

यूपी पीईटी 2026 की परीक्षा तीन दिन—25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर—को आयोजित की जा रही है। 25 अक्टूबर को रविवार होने के कारण स्कूलों में पहले से छुट्टी थी, इसलिए उस दिन के लिए अलग से कोई निर्देश जारी नहीं किया गया था।

शुक्रवार (30 अक्टूबर) को यह परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी:

  • पहली शिफ्ट: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक

  • दूसरी शिफ्ट: दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक

कैंडिडेट्स के लिए UPSSSC के सख्त निर्देश

UPSSSC ने परीक्षा में शामिल होने वाले सभी उम्मीदवारों के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। कैंडिडेट्स को एग्जाम सेंटर पर तय समय से पहुंचने के लिए कहा गया है। लेट पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को सेंटर में एंट्री नहीं दी जाएगी। इसके अलावा, एग्जाम सेंटर पर प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड के साथ एक वैलिड ओरिजिनल आईडेंटिटी प्रूफ (जैसे आधार कार्ड या वोटर आईडी) साथ रखना अनिवार्य है।