शिक्षा मंत्री ने अभ्यर्थियों को दिया भरोसा, बोले- निश्चिंत होकर करें तैयारी
पटना: बिहार में TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है। पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर चल रहे आंदोलन के बीच, गुरुवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सीधे शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास पर पहुंच गए। छात्रों ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, रिक्तियों की संख्या और परीक्षा की तारीखों को लेकर अपनी मांगें मंत्री के सामने रखीं।
’19 हजार की जगह दी 33 हजार वैकेंसी’
छात्रों के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि सरकार हमेशा छात्रों से संवाद के लिए तैयार है। उन्होंने कुछ छात्रों के सीधे धरने पर बैठने की प्रवृत्ति पर सवाल उठाते हुए कहा कि बातचीत से ही हल निकलता है। मंत्री ने स्पष्ट किया, “हमने 19 हजार शिक्षकों की वैकेंसी निकालने की बात कही थी, लेकिन हमारी सरकार ने 33 हजार पदों पर वैकेंसी दी है।” उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे निश्चिंत होकर अपनी परीक्षा की तैयारी में जुटें।
मंत्री आवास की सुरक्षा बढ़ाई गई
गुरुवार की सुबह-सुबह अचानक छात्रों के हुजूम के मंत्री आवास पर पहुंचने से प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड में आ गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और एहतियात के तौर पर शिक्षा मंत्री के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।
वैकेंसी जारी करना एक जटिल प्रक्रिया
अभ्यर्थियों की मांगों पर सफाई देते हुए मिथिलेश तिवारी ने कहा कि वैकेंसी जारी करना कोई आसान काम नहीं है। इसके लिए आरक्षण और रोस्टर नियमों का पालन करते हुए कई लंबी प्रक्रियाएं पूरी करनी पड़ती हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि परीक्षा की तारीख आने तक राज्य में जहां से भी शिक्षकों की नई रिक्तियां मिलेंगी, उन्हें इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
रोजगार के मुद्दे पर सरकार गंभीर
मंत्री ने युवाओं को आश्वस्त किया कि बिहार सरकार शिक्षा और रोजगार को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने बताया कि अधिकारियों के साथ इस मुद्दे पर लगातार बातचीत की जा रही है। TRE-4 अभ्यर्थी लंबे समय से परीक्षा की तारीख और रिक्तियों की संख्या को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। अब देखना होगा कि शिक्षा मंत्री के इस स्पष्ट आश्वासन के बाद अभ्यर्थियों का आंदोलन थमता है या आगे भी जारी रहता है।
