अभिजीत दिपके के परिवार पर टूटा मुसीबतों का पहाड़…मां बोलीं- यह कैसा न्याय?

abhijeet deepke

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके की दादी सावित्रीबाई शंकर दिपके का शनिवार को निधन हो गया। वह करीब 80 साल की थीं और लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उन्होंने महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के संतुक पिंपरी गांव में अंतिम सांस ली। इस वक्त अभिजीत दिपके दिल्ली पुलिस की हिरासत में हैं।

सावित्रीबाई के निधन की खबर से परिवार और गांव में शोक का माहौल है। अभिजीत मूल रूप से छत्रपति संभाजीनगर के रहने वाले हैं, जबकि संतुक पिंपरी उनका पैतृक गांव है।

बेटे की हिरासत पर मां ने जताई नाराजगी

अभिजीत दिपके को शनिवार को दिल्ली जाते वक्त विमान के अंदर ही हिरासत में ले लिया गया था। इस कार्रवाई पर उनकी मां ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि सरकार ने ठीक नहीं किया। उन्होंने सवाल उठाया कि देश के लिए काम करने वाले बच्चों के साथ इस तरह की कार्रवाई क्यों की जा रही है।

अभिजीत की मां ने यह भी सवाल किया कि यह कैसा न्याय है, जहां उनके मुताबिक देश के लिए काम करने वालों को गिरफ्तार किया जा रहा है, जबकि अपराध करने वालों पर कार्रवाई नहीं होती।

बेटे को लेकर पहले से थी गिरफ्तारी की आशंका

अभिजीत की मां ने बताया कि उन्हें पहले से अंदेशा था कि दिल्ली जाने पर उनके बेटे को पुलिस गिरफ्तार कर सकती है। उन्होंने कहा कि जब अभिजीत घर से दिल्ली के लिए निकल रहे थे, तब भी उन्होंने उसे इस आशंका के बारे में बताया था। हालांकि, मां के मुताबिक, अभिजीत ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि ऐसा कुछ नहीं होगा। लेकिन शनिवार को विमान के अंदर ही उन्हें हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई।