वायरल हो रहा अभिजीत दिपके का ये वीडियो, अब अजिंक्य शिंदे संभालेंगे CJP आंदोलन

cjp protest

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके को पुलिस ने हिरासत में लिया, लेकिन इसके तुरंत बाद उनका एक पहले से तैयार वीडियो बाहर आ गया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दिपके ने साफ कर दिया कि उनकी गैरमौजूदगी में अजिंक्य शिंदे इस पूरे आंदोलन की बागडोर संभालेंगे।

वीडियो में क्या कहा अभिजीत दिपके ने?

दिपके ने वीडियो में कहा कि आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी अब अजिंक्य शिंदे के कंधों पर होगी। उन्हें सौरव दास और रांका को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उल्लेखनीय है कि जंतर-मंतर पर नियोजित धरना-प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही दिल्ली पुलिस ने दिपके समेत सौरव दास और आशुतोष रांका तीनों प्रमुख नेताओं को हिरासत में ले लिया था। CJP ने पुलिस के इस कदम की सख्त भर्त्सना की है।

“गिरफ्तारी से आंदोलन नहीं रुकेगा”

अभिजीत दिपके ने मौजूदा केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि इस तरह की दमनकारी कार्रवाई तो इंदिरा गांधी के दौर में भी देखने को नहीं मिली थी। उन्होंने वर्तमान हालात को आपातकाल से भी बदतर करार दिया और बेबाकी से कहा कि वे गिरफ्तार होने से जरा भी नहीं डरते।

इसी बीच, कॉकरोच जनता पार्टी ने एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी करके अपना रुख एकदम साफ कर दिया। पार्टी ने दोटूक शब्दों में कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के फौरी इस्तीफे की मांग को लेकर देशव्यापी विरोध प्रदर्शन बदस्तूर जारी रहेगा। CJP का कहना है कि नेतृत्व चाहे साथ रहे या न रहे, जनता का यह आंदोलन किसी भी कीमत पर रुकने वाला नहीं है।

आम लोगों से की गई आंदोलन में जुड़ने की जोरदार अपील

CJP ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से देशभर के नागरिकों से भावुक अपील की है। पार्टी ने कहा है कि “CJP का नेतृत्व देश के हर युवा और हर जागरूक नागरिक से गुजारिश करता है कि वे सामने आएं। महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों को आत्मसात करते हुए इस जनआंदोलन की अगुवाई करें।”

हवाई जहाज के भीतर से ही पकड़े गए दिपके

पूरा मामला और भी नाटकीय तब हो गया जब पता चला कि दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दिपके को IGI एयरपोर्ट पर उतरने का मौका तक नहीं दिया। पुलिस के अधिकारी सीधे विमान के अंदर घुसे और वहीं से उन्हें हिरासत में ले लिया। उनके साथ सौरव दास और आशुतोष रांका को भी गिरफ्त में लिया गया। पुलिस कर्मियों के अचानक प्लेन में दाखिल होने से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ देर तक CJP नेताओं और पुलिस के बीच जोरदार बहस भी हुई, जिसके बाद अंततः तीनों को हिरासत में लेकर बाहर निकाला गया।