दिल्ली पहुंचते ही अभिजीत दिपके हिरासत में, आशुतोष रांका-सौरभ दास भी डिटेन

cjp protest

दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से कुछ घंटे पहले राजधानी की पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के शीर्ष नेताओं को हिरासत में ले लिया। पार्टी के संयोजक अभिजीत दिपके, सह-संयोजक आशुतोष रांका और सौरव दास मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे। एयर इंडिया की उनकी फ्लाइट के लैंड करते ही पुलिस सीधे विमान के भीतर दाखिल हुई और तीनों को वहीं से हिरासत में लिया गया।

विमान के अंदर हुई कार्रवाई

विमान के रुकने के चंद मिनटों बाद ही पुलिस दल केबिन में पहुंच गया, जिसमें अधिकतर महिला पुलिसकर्मी शामिल थीं। उस वक्त बाकी यात्री भी अपनी सीटों पर थे और उन्हें वहीं बैठे रहने को कहा गया। कुछ यात्रियों ने पूरी कार्रवाई को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड भी किया।

बस में बिठाकर ले जाए गए नेता

बताया गया है कि हिरासत के दौरान दिपके ने पुलिसकर्मियों से कहा कि वे गिरफ्तारी देने के इरादे से ही दिल्ली आए हैं और उन्हें पुलिस का कोई भय नहीं है। हिरासत में लेने के बाद तीनों नेताओं को एयरपोर्ट परिसर में खड़ी एक बस में बैठाकर रवाना किया गया।

गिरफ्तारी से पहले दिपके का वीडियो संदेश

हिरासत में लिए जाने से ठीक पहले दिपके ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस उन्हें और उनके सहयोगियों को विमान के भीतर से उठा रही है। उनके मुताबिक पार्टी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना चाहती थी, मगर नेताओं के साथ अपराधियों जैसा बर्ताव किया जा रहा है।

पार्टी ने इस कदम की आलोचना करते हुए इसे मनमाना करार दिया और कहा कि इससे उसके नेताओं के आने-जाने की स्वतंत्रता बाधित हुई है। CJP ने तीनों नेताओं की तत्काल रिहाई की मांग की है।