UP Election 2027: अयोध्या और काशी के बाद अब मथुरा! बीजेपी ने चुनावी चिंतन शिविर के लिए इसी भूमि को क्यों चुना?
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों (Assembly Election 2027) की तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी राजनीतिक रणनीतियों पर मंथन शुरू कर दिया है। इसके लिए पार्टी ने धर्मनगरी मथुरा (Mathura) में दो दिवसीय विशेष ‘चिंतन शिविर’ का आयोजन किया है।
अयोध्या और काशी के बाद बीजेपी का मथुरा में इस तरह का बड़ा वैचारिक और संगठनात्मक मंथन करना कई बड़े राजनीतिक संदेश दे रहा है। पार्टी के इस कदम के पीछे की 5 मुख्य वजहें और सियासी मायने साफ नजर आ रहे हैं।
1. ब्रजभूमि में जनाधार को और मजबूत करना
इस चिंतन शिविर के जरिए बीजेपी की सबसे पहली कोशिश ब्रजभूमि (Brajbhoomi) क्षेत्र में पार्टी के जनाधार को और अधिक मजबूत करने की है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश का यह इलाका राजनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील और अहम माना जाता है, जहां पार्टी अपनी पकड़ को और पुख्ता करना चाहती है।
2. हिंदुत्व के प्रमुख केंद्र के रूप में मथुरा की स्थापना
राजनीतिक गलियारों में इस आयोजन को अयोध्या और काशी के बाद मथुरा को हिंदुत्व के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की एक सोची-समझी कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है। पार्टी वैचारिक और सांस्कृतिक एजेंडे के लिहाज से भी इस क्षेत्र को बेहद अहम मानती है।
3. सपा के ‘PDA’ नैरेटिव की काट तलाशना
विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी द्वारा लगातार उठाए जा रहे ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नैरेटिव की काट खोजना इस शिविर का एक और बड़ा उद्देश्य है। बीजेपी इस बैठक में इस बात पर माथापच्ची कर रही है कि विपक्ष के इस समीकरण को कैसे बेअसर किया जाए और अपने सामाजिक समीकरण को कैसे साधा जाए।
4. सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल
आगामी चुनावों से पहले प्रशासनिक और संगठनात्मक स्तर पर किसी भी तरह की कमी को दूर करने के लिए सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना इस बैठक का अहम हिस्सा है। पार्टी चाहती है कि सरकारी योजनाओं का लाभ और संगठन की सक्रियता जमीन पर एक साथ मिलकर काम करें।
5. पश्चिमी यूपी में यादव और दलितों के बीच राजनीतिक पैठ
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के समीकरणों को साधते हुए यादव और दलित समुदायों के बीच अपनी राजनीतिक पैठ बढ़ाने की रणनीति भी इस चिंतन शिविर के एजेंडे में शामिल है। पार्टी इस अंचल में विपक्ष के पारंपरिक वोटों में सेंध लगाने की रणनीति पर काम कर रही है।
क्या बोले प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी?
मथुरा में चल रहे इस दो दिवसीय चिंतन शिविर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व समेत करीब 45 दिग्गज नेता शामिल हुए हैं।
इस महत्वपूर्ण आयोजन पर बात करते हुए उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary) ने कहा, “हमारे सभी वरिष्ठ नेता यहां एकत्रित हो रहे हैं। 2027 का चुनाव हमारे सामने है। उसकी योजना रचना करके हम चुनाव लड़ेंगे। हमारा क्या मुद्दा होगा, हमें कैसे चुनाव लड़ना है, इन सभी विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।”
इस शिविर में मुख्य रूप से चुनावी रणनीति, सोशल मीडिया मैनेजमेंट, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य को लेकर विस्तार से रूपरेखा तैयार की जा रही है।
