‘दाढ़ी पर टिप्पणी ठीक नहीं’, आजम खान के बयान पर इमरान मसूद ने उठाए सवाल

imran

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान की दाढ़ी को लेकर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे अनुचित करार दिया है। सहारनपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान मसूद ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को दाढ़ी रखने या न रखने के आधार पर निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।

इमरान मसूद के मुताबिक, दाढ़ी रखना या न रखना किसी का निजी फैसला है। उन्होंने कहा, “मैं इसे अनुचित मानता हूं कि दाढ़ी के ऊपर टिप्पणी नहीं होनी चाहिए। आप रखें या न रखें। मैं नहीं रखता हूं, लेकिन दाढ़ी एहतराम के लिए है।”

यूपी में गठबंधन और 181 सीटों की चर्चा पर क्या बोले मसूद?

उत्तर प्रदेश में विपक्षी गठबंधन और कांग्रेस की भूमिका को लेकर इमरान मसूद ने जानकारी दी कि इस पर बातचीत परसों से शुरू होगी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव की अन्य छोटे दलों और नेताओं से हो रही मुलाकातों पर उन्होंने कहा, “नहीं, हम तो सब अपना कुनबा ही बढ़ाना चाह रहे हैं। परसों वे बैठेंगे। परसों से बातचीत शुरू हो जाएगी।”

सीटों के बंटवारे में कांग्रेस की ओर से 181 सीटें मांगे जाने की चर्चाओं को खारिज करते हुए मसूद ने कहा कि उनके पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है और जब बातचीत के लिए बैठेंगे, तब इस पर निर्णय होगा।

किरेन रिजिजू के बयान और परिसीमन पर केंद्र सरकार को घेरा

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के भारत में धर्म के आधार पर भेदभाव न होने वाले बयान पर इमरान मसूद ने तीखी प्रतिक्रिया दी। सहारनपुर में मस्जिद तोड़े जाने का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा, “अच्छा, ऐसा है? हमारी मस्जिद तोड़ दोगे और फिर कहोगे कि धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं होता। कैसी बात कर रहे हैं आप?”

परिसीमन के मुद्दे पर भी उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करना चाहती है और संख्याबल के आधार पर फैसले थोपने की कोशिश कर रही है। मसूद ने कहा कि परिसीमन पर विपक्ष की लड़ाई जारी है और सरकार को पहले विपक्ष की बातों पर चर्चा करनी चाहिए।

क्रिकेट चयन और ओवैसी-चंद्रशेखर के दौरे पर प्रतिक्रिया

क्रिकेट टीम में खिलाड़ियों के चयन के मुद्दे पर इमरान मसूद ने कहा कि चयन का आधार केवल प्रदर्शन होना चाहिए, न कि खिलाड़ी की पहचान, धर्म या क्षेत्र। उन्होंने कहा, “हां, मोहम्मद शमी भी हैं, सरफराज भी हैं। बहुत सारे नाम हैं। चयन प्रदर्शन के आधार पर होना चाहिए। अगर किसी खिलाड़ी का प्रदर्शन अच्छा है तो उसमें यह नहीं देखा जाना चाहिए कि वह कहां से है और कहां से नहीं है।”

वहीं, आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के सहारनपुर दौरे और मस्जिद के निरीक्षण से जुड़े सवाल पर मसूद ने कहा कि यह उनका काम है। उन्होंने कहा कि उनकी अपनी पार्टी और अपनी नीति है, जबकि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है।

सीएम योगी की मां के निधन पर जताया दुख

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर इमरान मसूद ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “बहुत दुखद है। मां का जाना और मां का साया सिर से उठना बहुत बड़ा दुख होता है। योगी जी बहुत खुशकिस्मत हैं कि लंबे समय तक उनकी मां का साया उनके ऊपर रहा।”