गोल्डी बराड़ FBI की ‘टेन मोस्ट वांटेड’ लिस्ट में शामिल: 10 लाख डॉलर के इनाम का ऐलान
भारत और कनाडा में कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ पर अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) ने शिकंजा कस दिया है। एजेंसी ने गोल्डी बराड़ को अपनी ‘टेन मोस्ट वांटेड फ्यूजिटिव्स’ सूची में शामिल किया है। उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 लाख डॉलर (करीब आठ करोड़ रुपये से अधिक) का इनाम देने की घोषणा की गई है।
गोल्डी बराड़ को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अपराध नेटवर्क का उत्तरी अमेरिका में प्रमुख ऑपरेटर बताया गया है। एफबीआई के लॉस एंजिलिस फील्ड ऑफिस के अधिकारी पैट्रिक ग्रैंडी ने उसे खतरनाक अपराधी बताते हुए कहा कि उसकी गिरफ्तारी एजेंसी की प्राथमिकताओं में शामिल है।
किन मामलों में गोल्डी बराड़ की तलाश कर रही है FBI?
एफबीआई के मुताबिक, बिश्नोई गैंग पर अमेरिका और कनाडा में हत्या, अपहरण, रंगदारी, नशीले पदार्थों की तस्करी और हथियारों से जुड़े अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं। अमेरिकी जांच एजेंसी गोल्डी बराड़ को रैकेटियरिंग की साजिश, रंगदारी के जरिए कारोबार में लिप्त होने और नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में तलाश रही है।
अमेरिकी अभियोग पत्र में बिश्नोई नेटवर्क और सरे हत्याकांड का जिक्र
अमेरिकी अभियोग पत्र (चार्जशीट) के अनुसार, गोल्डी बराड़ लॉरेंस बिश्नोई के भरोसेमंद सहयोगियों में शामिल रहा है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि बिश्नोई भारत की जेल में रहते हुए मोबाइल फोन और इंटरनेट के जरिए आपराधिक गतिविधियों को निर्देशित करता था, जबकि अलग-अलग देशों में नेटवर्क के संचालन की जिम्मेदारी बराड़ और अन्य सहयोगियों को सौंपी गई थी।
चार्जशीट में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे शहर में 18 जून 2023 को एक प्रमुख सिख धार्मिक और राजनीतिक शख्सियत की हत्या का भी उल्लेख किया गया है। अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि इस हत्या का आदेश बिश्नोई और गोल्डी बराड़ ने दिया था। स्रोत के मुताबिक, ये अभी आरोप हैं और मामले में न्यायिक प्रक्रिया जारी है।
