‘जैसी सोच होती है, इंसान वैसा ही बोलता है…’: रामगोपाल यादव के विवादित बयान पर संजय निषाद का तीखा पलटवार

sanjay nishad

समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद रामगोपाल यादव के आगरा में दिए गए एक विवादित बयान पर उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। एनडीए (NDA) के प्रमुख सहयोगी और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद (Sanjay Nishad) ने इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सपा पर करारा हमला बोला है। संजय निषाद ने दो टूक कहा कि लोगों के मन के भीतर जैसी सोच होती है, वे उसी के अनुरूप अपनी बात कहते हैं।

‘दलितों के उत्थान के लिए किसी ने कुछ नहीं किया’

रामगोपाल यादव के बयान पर पलटवार करते हुए संजय निषाद ने कहा कि आज तक दलितों के वास्तविक उत्थान के लिए किसी भी दल ने ईमानदारी से काम नहीं किया। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान के प्रति सभी राजनीतिक दलों को आत्मनिरीक्षण करना चाहिए और पश्चाताप करना चाहिए।

संजय निषाद ने इतिहास और व्यवस्था पर तंज कसते हुए कहा, “राजनीति इसलिए बनाई गई है ताकि सदियों से सताए गए और गरीब लोग भी राजा बन सकें। साल 1950 से पहले देश में एक ही सिद्धांत चल रहा था कि झोपड़ी वाले कमाएंगे और खोपड़ी वाले खाएंगे। लेकिन, देश का संविधान यह सिखाता है कि हर व्यक्ति कमाएगा, सरकार को कर चुकाएगा और देश को आगे बढ़ाएगा।”

‘गांव का दलित आज भी दलदल में फंसा है’

सरकार की योजनाओं और शिक्षा का जिक्र करते हुए निषाद ने कहा कि आज बच्चों को मुफ्त में शिक्षा जरूर मिल रही है, लेकिन बड़ी मछलियां छोटी मछलियों को निगल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भी समाज के बड़े लोग ही मलाई काट रहे हैं, जबकि गांव का गरीब और दलित समाज आज भी दलदल में फंसा हुआ है। इसके लिए उन्होंने तमाम राजनीतिक दलों को जिम्मेदार ठहराया।

इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि एनडीए गठबंधन सभी जातियों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर के सपनों, मिशन और उनके ट्रस्ट को आगे बढ़ाने के लिए मौजूदा सरकार ने कई ठोस कदम उठाए हैं। देश के तमाम महापुरुषों को सम्मान देना और उनकी मूर्तियां स्थापित करने जैसे काम सरकार कर रही है, यही वजह है कि दलित समाज पूरी तरह से एनडीए के साथ है।

क्या है पूरा विवाद?

बता दें कि हाल ही में आगरा में समाजवादी पार्टी द्वारा ‘PDA दलित महासम्मेलन’ का आयोजन किया गया था। इसी रैली के दौरान सपा महासचिव रामगोपाल यादव मंच से भीड़ और शोर मचा रहे लोगों पर भड़क गए थे। गुस्साए रामगोपाल यादव ने लोगों को फटकार लगाते हुए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था और कहा था, “ये लोग जो शोर मचा रहे हैं, आप लोग पार्टी के समर्थक हो या विरोधी हो… मूर्ख कहीं के..”

सपा नेता के इसी बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद से ही भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दल समाजवादी पार्टी पर लगातार हमलावर हैं।