मथुरा में बीजेपी का दो दिवसीय चिंतन शिविर शुरू, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बोले- ‘सपा के सम्मेलन में कोई दलित नहीं था’
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Election 2027) की तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दो दिवसीय चिंतन शिविर सोमवार से धार्मिक नगरी मथुरा में शुरू हो गया है। इस हाई-प्रोफाइल शिविर में पार्टी की चुनावी रणनीति, टिकट बंटवारे, विपक्ष के नैरेटिव की काट और सोशल मीडिया मैनेजमेंट को लेकर मंथन किया जा रहा है।
इस बीच, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (Brajesh Pathak) ने मथुरा में शिविर के उद्देश्यों पर बात की और साथ ही समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के दलित सम्मेलन पर तीखा हमला बोला है।
मथुरा में क्यों हो रहा है बीजेपी का चिंतन शिविर?
मथुरा में शुरू हुए इस दो दिवसीय मंथन शिविर में बीजेपी का शीर्ष संगठन और तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी जुटे हैं। इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और यूपी प्रभारी विनोद तावड़े समेत प्रदेश के 45 दिग्गज नेता पहुंचे हैं।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने इस आयोजन पर कहा, “भाजपा का जो शीर्ष संगठन है, हमारे नेतृत्व के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी यहां पहुंचे हैं। हम उनका आशीर्वाद लेंगे, मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे… ये एक सतत प्रक्रिया है, संगठनात्मक व्यवस्था है कि हम सब कार्यकर्ता अपने नेतृत्व से निर्देश व मार्गदर्शन प्राप्त करते हैं और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए काम करते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि 2014 से लेकर आज तक पूरा भारतवर्ष हर क्षेत्र में आगे बढ़ा है और उत्तर प्रदेश 2017 से लेकर अब तक ‘बीमारू राज्य’ के कलंक से पूरी तरह बाहर निकलकर एक रेवेन्यू सरप्लस (Revenue Surplus) राज्य बन चुका है।
सपा के दलित सम्मेलन पर ब्रजेश पाठक का तंज
हाल ही में आगरा में समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित किए गए दलित सम्मेलन को लेकर ब्रजेश पाठक ने कड़ा प्रहार किया। उन्होंने दावा किया कि उस सम्मेलन में कोई भी वास्तविक दलित शामिल नहीं हुआ था।
सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “आगरा का उनका जो सम्मेलन था, वहां दलित नाम का कोई व्यक्ति नहीं था। जो सूची मीडिया में आई, उसमें से एक भी व्यक्ति दलित समाज का नहीं था।” उन्होंने आरोप लगाया कि जब-जब समाजवादी पार्टी सत्ता में रही है, तब-तब उसने दलितों और गरीबों पर अत्याचार किए हैं। जनता उनकी सच्चाई अच्छी तरह समझती है और उन्हें कभी स्वीकार नहीं करेगी।
इन अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
मथुरा के इस विशेष चिंतन शिविर में पार्टी आगामी चुनावों को लेकर कई मोर्चों पर ब्लूचिप्रिंट तैयार कर रही है। इसमें मुख्य रूप से चुनावी तालमेल, उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया, विपक्षी दलों द्वारा गढ़े जा रहे राजनीतिक नैरेटिव का मुंहतोड़ जवाब देने और चुनावी प्रचार में सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई जा रही है।
