यूपी चुनाव 2027: मायावती ने बुलाई BSP की बड़ी बैठक, 5 नवंबर को तय होगी रणनीति

maya

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सुगबुगाहट के बीच बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने गुरुवार, 5 नवंबर को लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में एक बेहद अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक में प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों से लेकर प्रदेश के सभी 75 जिलों के जिला अध्यक्ष शामिल होंगे।

सुबह 11 बजे से शुरू होगा बैठकों का दौर

पार्टी कार्यालय में सुबह 11 बजे से शुरू होने वाली इस बैठक में मायावती सीधे तौर पर संगठन की जमीनी हकीकत और चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगी। सूत्रों के अनुसार, बैठक का मुख्य उद्देश्य यह जाँचना है कि पिछली बैठकों में पार्टी नेतृत्व की ओर से दिए गए निर्देशों का जमीनी स्तर पर कितना पालन हुआ है। इसके लिए सभी पदाधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट ली जाएगी।

उम्मीदवारों के चयन और जनाधार बढ़ाने पर मंथन

आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इस बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि बैठक के दौरान कई संभावित उम्मीदवारों के नामों पर भी मुहर लग सकती है। इसके अलावा, राज्य भर में सर्वसमाज के बीच पार्टी का जनाधार फिर से मजबूत करने और बेहतर प्रत्याशियों के चयन की रणनीति पर भी गहरा मंथन किया जाएगा। मायावती संगठन को धार देने के लिए पदाधिकारियों को नए दिशा-निर्देश भी जारी करेंगी।

6 दिसंबर की महारैली के लिए दिया जाएगा ‘गुरुमंत्र’

इस अहम बैठक का एक बड़ा एजेंडा 6 दिसंबर को होने वाली प्रस्तावित महारैली भी है। बसपा डॉ. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर 6 दिसंबर को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में एक विशाल रैली का आयोजन करने जा रही है। 2027 के चुनाव से पहले इसे बसपा का बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है।

मायावती इस बैठक में पदाधिकारियों को 6 दिसंबर की रैली को सफल बनाने का ‘गुरुमंत्र’ देंगी। सूत्रों के मुताबिक, इस बड़ी रैली को मायावती के साथ-साथ पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद भी संबोधित कर सकते हैं। कुल मिलाकर, 5 नवंबर की यह बैठक बसपा की 2027 के महासंग्राम के लिए चुनावी बिसात बिछाने की अहम शुरुआत मानी जा रही है।