आसिम मुनीर का दावा: हिंदू-यहूदी गठबंधन मुसलमानों और पाकिस्तान के खिलाफ
पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने हिंदुओं और यहूदियों के बीच बढ़ते संबंधों को लेकर गहरी चिंता जताई है। मुनीर ने इस गठजोड़ को सीधे तौर पर मुसलमानों और पाकिस्तान के खिलाफ बताया है। इस बात का खुलासा ईरान के वरिष्ठ अधिकारी और सुरक्षा प्रमुख मोहसिन रेजाई ने किया है। रेजाई के मुताबिक, मुनीर ने यह टिप्पणी 26 अक्टूबर को तेहरान में हुई चार देशों की एक अहम सुरक्षा बैठक के दौरान की थी।
ईरानी मीडिया में रेजाई का खुलासा
लाहौर के समाचार आउटलेट ’24 न्यूज HD’ ने ईरानी सरकारी प्रसारक ‘IRIB’ को दिए गए मोहसिन रेजाई के एक इंटरव्यू का हवाला दिया है। सामने आए एक वीडियो में रेजाई पाकिस्तानी आर्मी चीफ और तुर्की के खुफिया प्रमुख इब्राहिम कलिन के बारे में बात कर रहे हैं। रेजाई ने बताया कि मुनीर ने भारत-इजरायल (हिंदू-यहूदी) के मजबूत होते संबंधों को मुस्लिम जगत और विशेष रूप से पाकिस्तान के लिए एक बड़ा खतरा करार दिया।
चार देशों के बीच सुरक्षा वार्ता
तेहरान में 26 अक्टूबर को हुई इस बैठक में चार देशों के प्रमुख अधिकारियों ने हिस्सा लिया था। बैठक में पाकिस्तान की ओर से फील्ड मार्शल आसिम मुनीर, ईरान के सुरक्षा प्रमुख मोहसिन रेजाई, तुर्की के खुफिया प्रमुख इब्राहिम कलिन और सऊदी अरब के रक्षा मंत्री प्रिंस खालिद बिन सलमान शामिल हुए। स्रोत के मुताबिक, यह वार्ता इजराइल और अमेरिका को लेकर बने मौजूदा तनाव के बीच आयोजित की गई थी।
अल अरबिया के फुटेज में दिखी थी गंभीरता
चार देशों की यह बैठक मुनीर की तेहरान यात्रा के कुछ दिनों बाद हुई। 20 अक्टूबर को ‘अल अरबिया’ ने एक फुटेज जारी किया था, जिसमें सेना प्रमुख मुनीर को रेजाई और अन्य ईरानी अधिकारियों के साथ बातचीत करते देखा गया। इस वीडियो में मुनीर का स्वागत करते समय रेजाई काफी गंभीर और खामोश नजर आ रहे थे।
पाकिस्तानी पत्रकारों ने की पुष्टि
ईरान की तरफ से आए इस दावे पर पाकिस्तान के कई डिफेंस एक्सपर्ट्स और वरिष्ठ पत्रकार नजम सेठी ने भी मुहर लगाई है। सेठी ने अपने यूट्यूब चैनल पर रेजाई के बयान का विश्लेषण करते हुए साफ किया कि वह अधिकारी मुनीर ही थे जिन्होंने हिंदुओं और यहूदियों को लेकर यह टिप्पणी की थी। सेठी के मुताबिक, मुनीर ने चेतावनी दी थी कि हिंदुओं और यहूदियों के बीच गठबंधन एक बड़ा खतरा है और उन्होंने इसे मुसलमानों और पाकिस्तान के खिलाफ भू-राजनीतिक एकजुटता का नाम दिया।
