शेख हसीना के भागने का वीडियो बनाने वाले पूर्व वायुसेना अधिकारी का शव मिला
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश छोड़कर भागने का ऐतिहासिक वीडियो रिकॉर्ड करने वाले पूर्व वायुसेना अधिकारी केएम तहसीफ सौरी (KM Tahseef Sowri) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। गुरुवार (29 अक्टूबर 2026) को ढाका की एक नदी से उनका शव निकाला गया। वे एक दिन पहले ही लापता हुए थे।
‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस ने टोंगी बंदर घाट इलाके से तहसीफ का शव बरामद किया। उनके शव के पास मिले मोबाइल फोन और घड़ी से उनकी पहचान की पुष्टि हुई, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शहीद सुहरावर्दी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया।
पिता का दावा- बेटे को सता रहा था सुरक्षा का डर
तहसीफ सौरी अपने परिवार के साथ ढाका के उत्तरा (सेक्टर 18) में रहते थे। उनके पिता केएम इनायतुल करीम हिलाल ने बताया कि उनका बेटा कभी-कभी अपनी सुरक्षा को लेकर डर जताता था। पिता ने कहा, “तहसीफ मुझसे कहता था कि उसे थोड़ा डर लग रहा है, लेकिन उसने कभी खुलकर यह नहीं बताया कि वह किस बात से चिंतित था।”
लापता होने वाले दिन का जिक्र करते हुए पिता ने बताया, “शाम से पहले तहसीफ का एक जूनियर दोस्त दीप उसे बुलाने आया था। तहसीफ अपनी मां से यह कहकर नीचे गया था कि वह दीप से बात करके अभी आता है, लेकिन उसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा।”
डूबने की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है, हालांकि प्रथम दृष्टया डूबने की आशंका जताई जा रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा।
जानकारी के मुताबिक, तहसीफ सौरी को अनुशासनहीनता के आरोप में वायुसेना से बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड, नेत्रा न्यूज और हाल ही में ‘वर्गो टोबैको’ जैसी संस्थाओं के साथ काम किया था।
शेख हसीना का रिकॉर्ड किया था वीडियो
तहसीफ सौरी का नाम इसलिए सुर्खियों में था क्योंकि 5 अगस्त 2024 को जनविरोध के बाद जब शेख हसीना की सरकार गिरी और उन्हें सैन्य हेलीकॉप्टर से ढाका छोड़ना पड़ा, तब तहसीफ ने ही उनके रवाना होने का वह वीडियो रिकॉर्ड किया था, जो बाद में वायरल हुआ। हालांकि, पुलिस का कहना है कि सौरी की मौत और उस वीडियो के बीच फिलहाल कोई सीधा संबंध स्थापित नहीं हुआ है।
