IPL 2027: मुंबई इंडियंस का बड़ा फैसला, लसिथ मलिंगा और पारस म्हाम्ब्रे समेत कोचिंग स्टाफ बाहर
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 की तैयारियों के बीच पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने एक बहुत बड़ा और हैरान करने वाला फैसला लिया है। आगामी सीजन की नीलामी (Auction) से पहले फ्रेंचाइजी ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा फेरबदल करते हुए गेंदबाजी कोच लसिथ मलिंगा (Lasith Malinga), पारस म्हाम्ब्रे (Paras Mhambrey) और फील्डिंग कोच कार्ल होपकिंसन (Carl Hopkinson) को टीम से बाहर कर दिया है।
मुंबई इंडियंस ने गुरुवार, 29 अक्टूबर को आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा की। इससे पहले हेड कोच महेला जयवर्धने की जगह कीरन पोलार्ड को यह जिम्मेदारी सौंपे जाने की खबर सामने आ चुकी है।
मुंबई फ्रेंचाइजी ने जारी किया आधिकारिक बयान
मुंबई इंडियंस ने अपने बयान में कहा, “मुंबई इंडियंस यह घोषणा करती है कि लसिथ मलिंगा, पारस म्हाम्ब्रे और कार्ल होपकिंसन अब पुरुष टीम के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा नहीं हैं। फ्रेंचाइजी के लिए उनके अमूल्य योगदान, सेवा और प्रतिबद्धता के लिए हम उन सभी को धन्यवाद देते हैं।”
श्रीलंका के दिग्गज तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा का मुंबई इंडियंस के साथ पुराना और बेहद गहरा नाता रहा है। वह पहले लंबे समय तक टीम के प्रमुख खिलाड़ी रहे और अपनी गेंदबाजी के दम पर मुंबई को कई मैच जिताए। खिलाड़ी के तौर पर संन्यास लेने के बाद वह मेंटोर और फिर गेंदबाजी कोच की भूमिका में फ्रेंचाइजी से जुड़े रहे।
मुंबई ने मलिंगा के योगदान को याद करते हुए कहा, “लसिथ मलिंगा मुंबई इंडियंस परिवार का अभिन्न अंग रहे हैं। मुंबई की गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करने से लेकर चार आईपीएल खिताब और 2011 चैंपियंस लीग टी20 जीतने तक, और फिर कोच के रूप में लौटने तक लसिथ का सफर बेहद खास रहा है।”
किसे-किसे दिखाया गया बाहर का रास्ता?
-
लसिथ मलिंगा (गेंदबाजी कोच): लंबे समय से खिलाड़ी और कोच के रूप में टीम से जुड़े रहे।
-
पारस म्हाम्ब्रे: अक्टूबर 2024 में मुंबई इंडियंस के कोचिंग सेटअप से जुड़े थे।
-
कार्ल होपकिंसन: इंग्लैंड और आयरलैंड के पूर्व फील्डिंग कोच रहे होपकिंसन 2025 आईपीएल से ठीक पहले मुंबई के फील्डिंग कोच बने थे।
15 नवंबर तक जमा करनी है खिलाड़ियों की लिस्ट
आईपीएल 2027 की नीलामी आगामी 16 दिसंबर को गोवा में आयोजित होने वाली है। इससे ठीक पहले सभी 10 फ्रेंचाइजी को 15 नवंबर तक अपने रिलीज और रिटेन किए गए खिलाड़ियों की फाइनल लिस्ट जारी करनी है। खिलाड़ियों की नीलामी से पहले मुंबई इंडियंस मैनेजमेंट ने कोचिंग स्टाफ में यह बड़ा बदलाव करके साफ कर दिया है कि आगामी सीजन के लिए उनकी रणनीति पूरी तरह से नई होगी।
