यूएई के राष्ट्रपति ने फ्लाईदुबई के पायलट स्मित मच्छार को लगाया गले, ‘ऑर्डर ऑफ जायद II’ से किया सम्मानित

smit

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने अबू धाबी में फ्लाईदुबई (Flydubai) के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार (Captain Smit Machchhar) से मुलाकात की। इस दौरान यूएई के राष्ट्रपति ने कैप्टन स्मित मच्छार को गले लगाकर उनकी बहादुरी की सराहना की। एक विशेष कार्यक्रम के दौरान उन्हें यूएई के प्रतिष्ठित सम्मान ‘फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद II’ से सम्मानित किया गया।

विमान में आपातकालीन स्थिति के दौरान असाधारण साहस और सूझबूझ दिखाने के लिए यूएई ने कैप्टन स्मित मच्छार और फ्लाईदुबई के क्रू सदस्यों को यह सम्मान दिया है। कॉकपिट में हमले के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, कैप्टन मच्छार ने जिस तरह से स्थिति को संभाला, उसकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है।

यात्रियों की सुरक्षा को दी पहली प्राथमिकता

बीती 30 सितंबर को हुई इस घटना के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बावजूद उन्होंने समय रहते कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिससे चालक दल के अन्य सदस्य और यात्री सुरक्षित रूप से अंदर पहुंच सके। संकट की इस घड़ी में उनके इस साहसिक कदम ने कई लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।

इस दौरान यूएई के शीर्ष नेतृत्व ने चालक दल से मुलाकात कर उनके योगदान की प्रशंसा की। सम्मान प्रदान करने की प्रक्रिया में दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने भी अहम भूमिका निभाई। इससे पहले 3 अक्टूबर को शेख हमदान ने अस्पताल जाकर कैप्टन मच्छार से मुलाकात की थी और उनके जज्बे को सलाम किया था।

भारत, अमेरिका और इजरायल तक गूंजी बहादुरी की गूंज

कैप्टन स्मित मच्छार के इस अदम्य साहस की गूंज भारत समेत दुनिया के कई अन्य देशों में भी सुनाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके साहस की खुलकर तारीफ की है। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी उनकी बहादुरी की सराहना की है। रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल की तरफ से कैप्टन मच्छार को ‘नागरिक वीरता पुरस्कार’ से सम्मानित किए जाने की घोषणा भी की गई है, जो उनके पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उन्हें प्रदान किया जाएगा।