Share Market Today: बाजार में लगातार सातवें दिन गिरावट
BSE sensex, (Infographics : Pinaki Paul)
कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच आईटी (IT) और बैंकिंग शेयरों में भारी बिकवाली के चलते हफ्ते के तीसरे दिन बुधवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ लाल निशान में खुला। इस दौरान प्रमुख बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी 50 में एक प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। यह लगातार सातवां सत्र है जब शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला देखने को मिला है।
कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, भू-राजनीतिक अनिश्चितता और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले से पहले निवेशकों की सतर्कता ने बाजार के सेंटिमेंट को प्रभावित किया।
सेंसेक्स और निफ्टी में शुरुआती कारोबार में फिसलन
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (Sensex) 345.23 अंक यानी 0.46 प्रतिशत गिरकर 73,253.44 पर खुला, जबकि निफ्टी 50 (Nifty 50) 71.75 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,678.00 पर खुला। इसके अलावा बैंक निफ्टी सूचकांक 181.65 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 53,793.25 पर ओपन हुआ।
कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स अपने पिछले बंद 73,598.67 से 826.19 अंक (1.12%) फिसलकर 72,772.48 के निचले स्तर पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 50 भी पिछले बंद 22,749.75 से 209.05 अंक (0.91%) गिरकर 22,540.70 के निम्नतम स्तर तक लुढ़क गया।
सेक्टरवार प्रदर्शन और व्यापक बाजार का हाल
व्यापक बाजारों में मिला-जुला रुख रहा, जहां निफ्टी मिडकैप 100 में 0.41 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.6 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
सेक्टरवार बात करें तो निफ्टी ऑटो को छोड़कर बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। ऑटो इंडेक्स में 0.36 प्रतिशत की मामूली बढ़त देखी गई। हालांकि, निफ्टी आईटी और एफएमसीजी (FMCG) सबसे ज्यादा दबाव में रहे, जिनमें क्रमशः 3.2 प्रतिशत और 1.63 प्रतिशत की गिरावट आई।
विदेशी और घरेलू निवेशकों का रुख
बाजार के जानकारों का कहना है कि निवेशक यूएस फेडरल रिजर्व के फैसलों और कंपनियों के तिमाही नतीजों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। आंकड़ों के मुताबिक, इससे पिछले सत्र यानी 27 अक्टूबर को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने 4,240 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने 1,250 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे।
एशियाई और अमेरिकी बाजारों की स्थिति
घरेलू बाजार के उलट एशियाई बाजारों में तेजी का रुख देखने को मिला। चीन का शंघाई इंडेक्स 0.87% और शेन्ज़ेन इंडेक्स 2.19% ऊपर बंद हुआ। जापान का निक्केई 1.26%, हांगकांग का हैंग सेंग 0.38% और दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 6.2 प्रतिशत की मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं, इससे पहले अमेरिकी बाजार भी हरे निशान में बंद हुए थे, जिसमें नैस्डैक में 1.18%, एसएंडपी 500 में 0.6% और डाउ जोंस में 0.03% की बढ़त दर्ज की गई थी।
