ECI के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में दाखिल विपक्ष की याचिका में मिलीं 14 तकनीकी खामियां, संजय राउत बोले- ‘गलतियां सुधारी जाएंगी’

sanjay

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत 10 विपक्षी नेताओं की ओर से सुप्रीम कोर्ट में चुनाव आयोग (ECI) के खिलाफ दायर की गई याचिका में सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री ने 14 ‘डिफेक्ट’ यानी तकनीकी खामियां निकाली हैं।

इस घटनाक्रम पर शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत का अहम बयान सामने आया है, जो खुद इस याचिका के 10 याचिकाकर्ताओं (Petitioners) में से एक हैं।

‘गलतियां हो सकती हैं, हम उन्हें ठीक कर लेंगे’

सुप्रीम कोर्ट द्वारा याचिका में निकाली गई खामियों पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय राउत ने कहा, “गलतियां हो सकती हैं, लेकिन हम उन्हें ठीक कर लेंगे।” उन्होंने स्पष्ट किया कि सोमवार के विरोध प्रदर्शन में शामिल सभी पार्टियां इस याचिका का हिस्सा हैं और वे मिलकर इन कमियों को दूर करेंगे।

यह याचिका मुख्य रूप से मतदाता सूचियों के ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) के दौरान हुई कथित गड़बड़ियों और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई है। ज्ञानेश कुमार के साथ चार अन्य लोगों को भी इस मामले में पार्टी (प्रतिवादी) बनाया गया है।

‘हम ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा चाहते हैं’

संजय राउत ने एक बार फिर विपक्ष की पुरानी मांग दोहराते हुए कहा कि वे हर हाल में ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा चाहते हैं।

उन्होंने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “हम चुनाव आयोग में चल रहे घोटालों को रोकना चाहते हैं और आयोग पर जो राजनीतिक दबाव चल रहा है, उसे खत्म करना चाहते हैं। हमारी मांग है कि SIR की प्रक्रिया को रोका जाए और जिन 13 करोड़ लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं, उन्हें तत्काल बहाल किया जाए।”

आज शाम 4 बजे राहुल गांधी की ‘टी पार्टी’

अपने बयान के दौरान राउत ने यह भी जानकारी दी कि आज (13 अक्टूबर) शाम 4 बजे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने INDIA गठबंधन के सभी सांसदों को चाय पर बुलाया है। इस बैठक में विपक्षी दल अपने इस आंदोलन की आगे की रणनीति पर गहन चर्चा करेंगे।