Ghaziabad Dating Scam: डेटिंग App से ऐसे फंसाते थे…फिर क्लब में बुलाकर करते थे ठगी

Ghaziabad Dating Scam:

गाजियाबाद: डेटिंग ऐप पर अनजान लोगों से दोस्ती करना कुछ लोगों को भारी पड़ गया। गाजियाबाद क्राइम ब्रांच ने ऐसे गिरोह का खुलासा करने का दावा किया है, जो डेटिंग ऐप के जरिए पुरुषों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान राहुल गुप्ता, मणिकांत, मोहित और विशाल राजपूत के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह RDC इलाके में ‘लॉर्ड ऑफ विंग्स क्लब’ चला रहा था।

डेटिंग ऐप पर फर्जी प्रोफाइल से शुरू होती थी कहानी

पुलिस के अनुसार, आरोपी Tinder, Happn और Together जैसे डेटिंग ऐप पर लड़कियों के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाते थे।इन प्रोफाइल से पुरुषों से बातचीत की जाती थी। भरोसा बनने के बाद उन्हें मिलने के लिए क्लब में बुलाया जाता था। पुलिस का दावा है कि क्लब पहुंचने पर अलग-अलग लड़कियां उनसे मिलती थीं। इसके बाद खाने-पीने की चीजों के साथ शराब, शैंपेन और हुक्का ऑर्डर किया जाता था।

असली बिल पर कई गुना रकम जोड़ने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, सामान का वास्तविक बिल तैयार होने के बाद उसमें कई गुना रकम जोड़ दी जाती थी। इसके बाद ग्राहक से बढ़ी हुई रकम वसूलने की कोशिश होती थी। अगर कोई भुगतान करने से मना करता था तो उसे कथित तौर पर डराया-धमकाया जाता था। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सदस्य कुछ ग्राहकों के वीडियो बनाते थे। बाद में वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर पैसे मांगने का आरोप है।

करीब एक महीने से चल रहा था क्लब

पुलिस के मुताबिक, यह क्लब करीब एक महीने से संचालित हो रहा था। इसी तरीके से कई लोगों से लाखों रुपये की ठगी किए जाने का दावा किया गया है। क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और एक सुजुकी फ्रॉन्क्स कार बरामद की है।

एक आरोपी पर पहले भी केस दर्ज

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी मणिकांत के खिलाफ 2024 और 2025 में धोखाधड़ी के दो मामले पहले से दर्ज हैं। अब पुलिस पुराने मामलों की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि मौजूदा गिरोह का उन मामलों से कोई संबंध है या नहीं।

कितने लोग बने शिकार? जांच जारी

क्राइम ब्रांच अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया। इस मामले ने डेटिंग ऐप के जरिए होने वाली मुलाकातों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन मिले अनजान व्यक्ति के बुलावे पर किसी निजी जगह या संदिग्ध क्लब में जाने से पहले पूरी जानकारी जरूर जांचें। साथ ही संदिग्ध तरीके से मांगे जा रहे भुगतान से बचने और किसी भी दबाव में पैसा नहीं देने की सलाह दी गई है।