शंख एयरलाइंस की उड़ान से पहले डायरेक्टर के ठिकानों पर IT रेड, मचा हड़कंप
Shankh Airlines News: शंख एयरलाइंस की उड़ान शुरू होने से पहले ही कंपनी के डायरेक्टर श्रवण कुमार विश्वकर्मा चर्चा में आ गए हैं। इनकम टैक्स विभाग ने लखनऊ में उनके ठिकानों पर छापेमारी की है।
बताया जा रहा है कि इनकम टैक्स की टीम दो गाड़ियों से पहुंची और जांच शुरू की। अधिकारियों ने गोमती नगर स्थित विश्वकर्मा के आवास और गोमती नगर विस्तार स्थित उनके कार्यालय पर कार्रवाई की।
शंख एयरलाइंस को लेकर पहले से थी चर्चा
श्रवण कुमार विश्वकर्मा ने उत्तर प्रदेश में अपनी एयरलाइंस शुरू करने का ऐलान किया था। इसके बाद शंख एयरलाइंस काफी चर्चा में आई।
कंपनी की शुरुआत से जुड़ी औपचारिकताएं फिलहाल पूरी की जा रही हैं। एयरलाइंस को जल्द शुरू करने का दावा किया गया है।
200 से ज्यादा ट्रक और बड़ा कारोबार
मूल रूप से कानपुर के रहने वाले श्रवण कुमार विश्वकर्मा का कारोबार भी बड़ा बताया जाता है। जानकारी के मुताबिक, उनके पास 200 से ज्यादा ट्रक हैं।
इसके अलावा वह लोहे के कारोबार से जुड़े हैं। खनन के क्षेत्र में भी उनका काम करने का अनुभव बताया जाता है।
यूपी की पहली स्थानीय एयरलाइन होने का दावा
शंख एयरलाइंस को उत्तर प्रदेश की ऐसी पहली एयरलाइन के तौर पर पेश किया जा रहा है, जिसे प्रदेश के ही कारोबारी द्वारा यूपी के लिए शुरू किया जा रहा है।
एयरलाइन शुरू होने से पहले ही डायरेक्टर के ठिकानों पर इनकम टैक्स की कार्रवाई ने इस पूरे मामले को फिर सुर्खियों में ला दिया है। हालांकि, छापेमारी को लेकर आयकर विभाग की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है।
