अंकित बालियान हत्याकांड: UP पुलिस से क्यों डरा गोगी गैंग का शूटर?
करनाल/शामली: चर्चित अंकित बालियान हत्याकांड में आरोपी और गोगी गैंग से जुड़े कुख्यात गैंगस्टर राकेश उर्फ पप्पू को उत्तर प्रदेश पुलिस की कस्टडी में जाने से खौफ सताने लगा है। हरियाणा की करनाल जिला जेल में बंद राकेश ने मांग की है कि अगर उसे पूछताछ के लिए यूपी पुलिस को सौंपा जाता है, तो उसे हथकड़ी और पैरों में बेड़ियां लगाकर ही ले जाया जाए। साथ ही, उसने पूरी पुलिस कस्टडी और ट्रांजिट प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने की भी गुहार लगाई है।
अंकित बालियान की हत्या के मामले में राकेश का नाम सामने आने के बाद शामली पुलिस ने अदालत से उसे रिमांड पर लेने की अर्जी दी है।
राकेश ने अर्जी में क्या कहा?
यूपी पुलिस द्वारा कस्टडी मांगे जाने के बाद राकेश ने अपने वकील के माध्यम से हरियाणा के डीजीपी, करनाल जेल प्रशासन, करनाल पुलिस और शामली पुलिस के अधिकारियों को एक लिखित अर्जी भेजी है।
राकेश ने अपनी अर्जी में विशेष रूप से मांग की है कि:
-
अदालत के आदेश के तहत जेल से निकलने से लेकर यूपी पुलिस के हवाले किए जाने और फिर वापस जेल लौटने तक की पूरी मूवमेंट का सही रिकॉर्ड रखा जाए।
-
यूपी पुलिस की कस्टडी के दौरान उसके हाथों में हथकड़ी और पैरों में बेड़ियां अनिवार्य रूप से लगाई जाएं।
-
पूरे ट्रांजिट (सफर) और कस्टडी के दौरान पुलिस कार्रवाई की लगातार वीडियोग्राफी कराई जाए और उसे पुख्ता सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
राकेश को किस बात का डर है?
दरअसल, उत्तर प्रदेश में पुलिस एनकाउंटर्स के हालिया रिकॉर्ड को देखते हुए राकेश को आशंका है कि यूपी पुलिस की कस्टडी में उसके साथ कोई ‘अनहोनी’ हो सकती है। इसी डर से उसने पहले ही अपनी सुरक्षा को लेकर ये कड़ी शर्तें रखी हैं। अब सबकी निगाहें अदालत पर टिकी हैं कि वह राकेश की कस्टडी और उसकी सुरक्षा से जुड़ी मांगों पर क्या फैसला सुनाती है।
हत्याकांड की जांच में जीपीएस रेकी का बड़ा खुलासा
दूसरी ओर, शामली पुलिस की जांच में अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, हत्या से पहले अंकित की गाड़ी पर जीपीएस (GPS) ट्रैकर लगाकर उनकी गतिविधियों की सटीक रेकी की गई थी।
पुलिस ने उस संदिग्ध शख्स को गाजियाबाद से हिरासत में ले लिया है, जिसने यह जीपीएस खरीदा था। संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है और जीपीएस बेचने वाली दुकान के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जांच में सामने आया है कि रेकी करने वाला मुख्य युवक शामली का ही रहने वाला है और पुलिस उसके बेहद करीब पहुंच चुकी है।
फरार शूटरों पर लुक आउट नोटिस की तैयारी
इस बीच, वारदात को अंजाम देने वाले फरार शूटर सत्यम और आर्यन की तलाश में यूपी पुलिस कई राज्यों में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस दोनों फरार शूटरों के खिलाफ जल्द ही लुक आउट नोटिस (Look Out Notice) जारी कराने की तैयारी कर रही है। जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि गैंग के कुछ सदस्य कनाडा में बैठकर इस पूरे नेटवर्क का संचालन और संपर्कों को मैनेज कर रहे हैं।
