दिव्या मित्तल ने छोड़ी IAS, 2017 से अब तक 13 अफसरों का एग्जिट
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की नौकरशाही से एक बड़ी खबर सामने आई है। यूपी कैडर की 2013 बैच की चर्चित आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा दे दिया है। रविवार को उन्होंने अपने इस फैसले की सार्वजनिक जानकारी दी। दिव्या का कहना है कि अब इस सेवा से उनका मोहभंग हो चुका है। उनका यह कदम ऐसे समय में सामने आया है, जब यूपी कैडर में आईएएस अधिकारियों के नौकरी छोड़ने का एक साफ ट्रेंड देखने को मिल रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, साल 2017 से लेकर अब तक दिव्या मित्तल समेत 13 आईएएस अफसर इस अहम सेवा को अलविदा कह चुके हैं।
राजनीति में नहीं जाएंगी दिव्या मित्तल
आईएएस दिव्या मित्तल ने स्पष्ट किया है कि यह उनका कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं है। उनके मुताबिक, उन्होंने बहुत सोच-समझकर ही यह कदम उठाया है। इस्तीफे के बाद उनके राजनीति में जाने को लेकर भी अटकलें तेज हो गई थीं, लेकिन दिव्या ने राजनीति में जाने की संभावनाओं से पूरी तरह इनकार किया है। उनके इस फैसले के बाद प्रशासनिक हलकों में यह सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर इतने अहम पद पर बैठे अधिकारियों का सेवा से मोहभंग क्यों हो रहा है।
9 साल में 13 अफसरों ने छोड़ी नौकरी
दिव्या मित्तल का इस्तीफा कोई इकलौता मामला नहीं है। पिछले नौ सालों (2017 से) के आंकड़े बताते हैं कि यूपी कैडर के 13 आईएएस अधिकारियों ने अपनी नौकरी छोड़ी है। इनमें से कुछ अधिकारी कॉरपोरेट सेक्टर का हिस्सा बन गए, तो कुछ ने राजनीति का रुख कर लिया।
नौकरी छोड़ने वाले इन 13 अधिकारियों में से 9 ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) का रास्ता चुना, जबकि 4 ने सीधे अपने पद से इस्तीफा दिया है।
किन अफसरों ने लिया VRS?
अपने करियर के बीच में जिन नौ आईएएस अफसरों ने वीआरएस लिया है, उनमें आरपी सिंह, राजीव अग्रवाल, मो. मुस्तफा, आमोद कुमार, रेणुका कुमार, जूथिका पाटेकर, विकास गोटलवाल, रिग्जियान सैंफिल और अनामिका सिंह के नाम शामिल हैं।
किन अफसरों ने दिया इस्तीफा?
वीआरएस के अलावा सीधे इस्तीफा देने वाले अधिकारियों की सूची में अब दिव्या मित्तल का नाम भी जुड़ गया है। उनसे पहले यूपी कैडर के ही 2011 बैच के आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह ने साल 2023 में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसे साल 2024 में शासन ने स्वीकार कर लिया। अभिषेक सिंह के अलावा आईएएस विद्या भूषण और एस मुथु शालिनी भी अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं।
इस्तीफा वापस लेने और कैडर बदलने के भी मामले
यूपी कैडर में कुछ मामले ऐसे भी रहे जहां अधिकारियों ने इस्तीफा दिया या वीआरएस मांगा, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। आईएएस रिंकू सिंह ने पहले अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन बाद में उन्होंने अपना फैसला वापस ले लिया। हाल ही में उन्होंने अपना कैडर बदलने की अपील की है। इसके अलावा आईएएस रजनीश चंद्रा ने भी वीआरएस के लिए आवेदन किया था, लेकिन उनके आवेदन को शासन द्वारा स्वीकार नहीं किया गया।
